‘बेबी के किरदार ने बदली सोच’, निमिषा सजयन ने ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ पर की बात, बताया अपना सबसे बढ़िया अनुभव

Last Updated:August 21, 2026, 12:44 IST
निमिषा सजयन अपनी नई फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं. फिल्म में वह एक जांबाज युवा पुलिस अधिकारी बबीता सिंह उर्फ बेबी के बेहद किरदार में नजर आने वाली हैं, निमिषा के मुताबिक, यह किरदार केवल पर्दे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने उनकी व्यक्तिगत सोच और जिंदगी को भी गहराई से बदला है. एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि बेबी का रोल उनके करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक है, जो उनके साथ हमेशा बना रहेगा.
ख़बरें फटाफट
प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ फिल्म.
नई दिल्ली. एक्ट्रेस निमिषा सजयन अपनी आने वाली फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ में एक बेहद खास और चुनौतीपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म में वह एक निडर युवा पुलिस अधिकारी बबीता सिंह उर्फ बेबी का किरदार निभा रही हैं. अपने इस रोल को लेकर निमिषा का कहना है कि बेबी का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है और यह उनके साथ लंबे समय तक जुड़ा रहेगा. उन्होंने यह भी बताया कि इस किरदार ने उन्हें न सिर्फ एक कलाकार के तौर पर निखारा, बल्कि एक इंसान के रूप में भी अंदर तक प्रभावित किया है.
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक निमिषा सजयन ने कहा, ‘बेबी का रोल मेरे लिए सिर्फ एक अभिनय का अनुभव नहीं रहा, बल्कि इस किरदार ने मुझे अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को भी नए नजरिए से देखने के लिए मजबूर किया. बेबी उन किरदारों में से एक है, जो मेरे साथ लंबे समय तक रहने वाला है और एक इंसान के तौर पर बदलने में उसकी भूमिका रही है.’
बबीता सिंह के किरदार ने किया प्रभावित
एक्ट्रेस ने कहा, ‘इस किरदार को निभाते हुए मैंने अपने अंदर झांकने की कोशिश की. मैंने अपने रिश्तों के बारे में दोबारा सोचा कि वह उनमें किस तरह अपनी मौजूदगी दर्ज कराती हूं, उनसे क्या उम्मीद रखती है और कई बार बिना महसूस किए किस तरह खुद को परिस्थितियों के हिसाब से ढाल लेती है. यही निजी जुड़ाव बेबी के किरदार को मेरे लिए सबसे खास और यादगार बनाता है. यह उन जरूरी किरदारों में से एक है, जिसे मैंने अब तक निभाया है और मुझे लगता है कि मैं बेबी को लंबे समय तक अपने साथ लेकर चलूंगी.’
हत्या की जांच तक सीमित नहीं है फिल्म
निमिषा ने आगे कहा, ‘मैं दर्शकों के सामने इस किरदार को लाने और उन्हें ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ की कहानी दिखाने को लेकर काफी उत्साहित हूं. मैं चाहती हूं कि दर्शक इस किरदार को समझें और उसकी कहानी से जुड़ सकें.’ फिल्म की निर्देशक अंबिका पंडित ने कहा, ‘यह कहानी सिर्फ एक हत्या की जांच तक सीमित नहीं है. जांच के दौरान कहानी धीरे-धीरे कई और परतें खोलती है. फिल्म में रहस्य और भावनाओं को साथ लेकर चलने की कोशिश की गई है, ताकि कहानी दिलचस्प भी रहे और जमीन से जुड़ी हुई भी लगे.’
मेकर्स ने जारी किया फिल्म का ट्रेलर
शुक्रवार को निर्माताओं ने फिल्म इसका ट्रेलर भी जारी किया. ट्रेलर में निमिषा युवा पुलिस अधिकारी बेबी के रोल में नजर आती हैं. उसकी जिंदगी तब अचानक बदल जाती है, जब बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है. बंसी का किरदार बरुण सोबती ने निभाया है. दोस्त की मौत के बाद बेबी खुद इस मामले की जांच में जुट जाती हैं. वह अलग-अलग सुरागों को जोड़ते हुए आगे बढ़ती हैं. लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे जाती है, उन्हें ऐसे राज का पता चलता है, जिनकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी. ट्रेलर इसी रहस्य और बेबी की जांच के सफर की झलक दिखाता है.
इस दिन ओटीटी पर रिलीज होगी ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’
फिल्म में निमिषा सजयन और बरुण सोबती के अलावा अंशुमान पुष्कर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन अंबिका पंडित ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा अमित व्यास ने लिखी है. फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुदीप शर्मा हैं. इसके निर्माता सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्तरा और टीना थरवानी हैं. फिल्म स्क्वॉड प्रोडक्शंस ने एक्ट थ्री के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है. ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 21, 2026, 12:44 IST



