Bhilwara News: प्रसूता मौतों के बाद जिला कलेक्टर ने किया अस्पताल का निरीक्षण, बोले- हर केस की अलग-अलग हो रही जांच

Last Updated:July 11, 2026, 21:04 IST
Bhilwara News: भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में प्रसूताओं की मौत के मामले में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. ओटी-2 की कल्चर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे बंद कर दिया गया है, जबकि पांचों मौतों के कारणों का अलग-अलग मेडिकल विश्लेषण किया जा रहा है. मामले की जांच के लिए राज्य स्तरीय टीम भी जल्द अस्पताल पहुंचेगी.
भीलवाड़ा. जिले के सबसे बड़े महात्मा गांधी चिकित्सालय में प्रसूताओं की मौत के मामलों के बाद जिला प्रशासन ने जांच और व्यवस्थाओं की समीक्षा तेज कर दी है. जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अस्पताल पहुंचकर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से चिकित्सा व्यवस्थाओं, संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जिला कलेक्टर ने बताया कि पीएमओ और मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल के साथ मिलकर प्रसूताओं की मौत से जुड़े सभी पांच मामलों और लैब रिपोर्ट का विस्तृत विश्लेषण किया गया है. प्रत्येक केस को अलग-अलग चिकित्सा परिस्थितियों के आधार पर देखा गया है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सभी मामलों के कारण अलग-अलग सामने आए हैं.
उन्होंने कहा कि पहले मामले में मरीज अस्पताल आने से पहले ही एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस के लक्षणों से पीड़ित थी. दूसरे मामले में मायोकार्डियल इंफार्क्शन यानी हार्ट अटैक को कारण माना गया. तीसरे मामले में पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म पाया गया, वहीं अन्य मामलों में गंभीर पीआईएच (प्रेग्नेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन) और हेल्प सिंड्रोम जैसी जटिलताएं सामने आई हैं.
ओटी-2 की कल्चर रिपोर्ट पॉजिटिव, ओटी-1 में काम जारी
कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि कल्चर रिपोर्ट में ओटी-2 के नमूने पॉजिटिव पाए गए थे. 29 जून को नमूने जांच के लिए भेजे गए थे और उसी दिन से ओटी-2 को बंद कर दिया गया है. संक्रमण नियंत्रण के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं और ओटी का फ्यूमिगेशन भी कराया गया है. उन्होंने बताया कि ओटी-1 की जांच रिपोर्ट निर्धारित अनुमत सीमा के भीतर आई है, इसलिए वहां ऑपरेशन की प्रक्रिया जारी रखी गई है. सी-सेक्शन के लिए आवश्यक स्टेरेलाइज्ड सेट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.
राज्य स्तरीय टीम करेगी जांच
कलेक्टर ने कहा कि प्रारंभिक मेडिकल विश्लेषण में प्रसूताओं की मौत के कारण अलग-अलग प्रतीत हो रहे हैं. शुरुआती जांच में इन मामलों को अस्पताल से उत्पन्न संक्रमण से जोड़ना उचित नहीं माना जा सकता. हालांकि, प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ मामले की जांच कर रहा है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bhilwara,Rajasthan



