Vanshika Murder Case: मौत नहीं, हत्या है…बीजेपी मुख्यालय के बाहर माता – पिता का धरना, सीबीआई जांच पर अड़े

Last Updated:July 11, 2026, 19:41 IST
Vanshikas death case: जयपुर के प्रताप नगर में वंशिका की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है. वंशिका के माता-पिता भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है. उन्होंने कहा कि लिखित आश्वासन मिलने तक उनका धरना जारी रहेगा.
वंशिका केस में सीबीआई जांच की मांग
जयपुर. प्रताप नगर में युवती वंशिका की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. न्याय की मांग को लेकर वंशिका के माता-पिता शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए. परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि हत्या है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
धरने पर बैठे वंशिका के माता-पिता ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से सीबीआई जांच को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उनका कहना है कि केवल मौखिक भरोसे से उन्हें संतुष्टि नहीं है. परिजनों ने भाजपा पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग रखी. परिजनों के अनुसार, भाजपा पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात हुई, जहां उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जांच को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे.
प्रभावशाली लोगों पर लगाए जांच प्रभावित करने के आरोप
वंशिका के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण जांच प्रभावित हो सकती है. उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के चलते मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. परिजनों ने मांग की कि जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सके और दोषियों को सजा मिल सके. धरने पर बैठे माता-पिता ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि उन्हें लगातार अलग-अलग तरीकों से दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है. परिजनों ने दावा किया कि उन्हें मीडिया के सामने अपनी बात रखने से रोका जा रहा है और धरना खत्म नहीं करने पर जबरन हटाने की धमकियां दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे और अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे.
भाजपा पदाधिकारियों ने की समझाइश, पुलिस रही मौजूद
धरने की सूचना मिलने के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय के कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने वंशिका के माता-पिता से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया. वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अशोक नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी. हालांकि, वंशिका के परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या, जांच प्रभावित करने और धमकी देने जैसे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



