Bhiwadi Ghatal Nala Dispute | घटाल गांव भिवाड़ी नाला विवाद

Last Updated:May 01, 2026, 14:18 IST
Drainage Dispute in Ghatal Village Bhiwadi: भिवाड़ी के घटाल गांव में जल निकासी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है. दबंगों द्वारा पुराने नाले को बंद करने और नए निर्माण में बाधा डालने के कारण गांव की गलियों में गंदा पानी भरा हुआ है. ग्रामीणों द्वारा विधायक और नगर परिषद में शिकायत के बाद रीको ने निर्माण शुरू करने की कोशिश की, लेकिन विरोध के चलते काम अटक गया. अब रीको के एआरएम प्रदीप मीणा ने पुलिस बल और पटवारी के जरिए सीमांकन करवाकर सुरक्षा के बीच नाला निर्माण कराने का निर्णय लिया है ताकि औद्योगिक श्रमिकों और ग्रामीणों को गंदगी से राहत मिल सके.
ख़बरें फटाफट
Drainage Dispute in Ghatal Village Bhiwadi: खैरतल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड संख्या 54, गांव घटाल के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. गांव में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है, जिसके कारण गंदा पानी गलियों और रास्तों में जमा हो रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 40 से 50 साल पुराना नाला था, जिसे गांव के ही कुछ रसूखदार और दबंग लोगों ने आंट (बंद कर) दिया है. इस अवरोध के कारण नालियों का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है. गंदगी की वजह से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.
ग्रामीण इसताक खान और रमजान खान ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने तिजारा विधायक महंत बाबा बालक नाथ, नगर परिषद भिवाड़ी के सभापति और वार्ड पार्षद नरेंद्र खटाना को कई बार अवगत कराया है. विधायक ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश भी दिए और रीको भिवाड़ी नाला निर्माण के लिए तैयार भी हो गया, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ लोग अड़चन पैदा कर देते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जब भी रीको के कर्मचारी काम शुरू करने आते हैं, दबंग लोग उन्हें रोक देते हैं. बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब घुटनों तक पानी भरने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
रीको की योजना और पुलिस सुरक्षा की मांगमामले की गंभीरता को देखते हुए रीको के एआरएम प्रदीप मीणा ने स्पष्ट किया है कि विभाग नाला निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन स्थानीय विवाद के कारण काम रुका हुआ है. विवाद का मुख्य कारण नाले का मार्ग है; एक पक्ष चाहता है कि नाला उसी पुराने 30 साल पुराने रास्ते से बने जहां से प्राकृतिक निकासी थी, जबकि दूसरा पक्ष अपने घर के सामने से नाला निकालने का विरोध कर रहा है. मीणा ने बताया कि रीको और अधिकांश ग्रामीण पुराने मार्ग के पक्ष में हैं. अब प्रशासन ने पटवारी स्तर पर सीमांकन (Demarcation) की प्रक्रिया शुरू कर दी है. रीको ने संबंधित थाने को पत्र लिखकर पुलिस बल की मांग की है ताकि सीमांकन पूरा होते ही पुलिस सुरक्षा के बीच निर्माण कार्य शुरू किया जा सके.
समाधान की उम्मीदग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि आश्वासन के बजाय धरातल पर काम दिखना चाहिए. रीको अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सीमांकन का लंबित कार्य पूरा होगा और पुलिस जाब्ता उपलब्ध होगा, नाले का निर्माण युद्ध स्तर पर पूरा किया जाएगा ताकि घटाल गांव के लोगों को वर्षों पुरानी इस समस्या से स्थाई निजात मिल सके.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bhiwani,Bhiwani,Haryana



