Rajasthan

झालावाड़ में दरगाह पर बड़ा हादसा, ब्रेक फेल होने से बेकाबू बस ने जायरीनों को कुचला, 2 की दर्दनाक मौत

झालावाड़. राजस्थान के झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र में पातला पीर दरगाह के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दरगाह पर जियारत के लिए आए जायरीनों को एक निजी बस ने अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वह बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े जायरीनों को टक्कर मार दी. हादसे में दो जायरीनों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

गंभीर रूप से घायल दो लोगों का आईसीयू में उपचार जारी है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे का शिकार हुए लोग कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र से झालावाड़ के सारोला थाना क्षेत्र स्थित पातला पीर दरगाह पर जियारत करने आए थे. जियारत के बाद सभी लोग वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान कोटा जिले के कैथून क्षेत्र से जायरीनों को लेकर आई एक निजी बस के ब्रेक फेल हो गए. बस चालक जब तक वाहन को नियंत्रित कर पाता, उससे पहले ही बस बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े जायरीनों से जा टकराई.

बस ने करीब 10 लोगों को चपेट में लिया 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की चपेट में करीब 10 लोग आए. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंच गए और घायलों को वाहनों के जरिए खानपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक जायरीन को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों को बेहतर उपचार के लिए झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया. उपचार के दौरान एक और घायल जायरीन ने दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई.

दो गंभीर घायलों का आईसीयू में इलाज जारी

हादसे में घायल लोगों को झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. संजय पोरवाल, झालावाड़ सीएमएचओ डॉ. साजिद खान समेत वरिष्ठ चिकित्सक अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे के बाद सारोला थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है. पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है. बस की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. घायलों के परिजनों के मुताबिक वे सभी जियारत के लिए दरगाह पहुंचे थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ. परिजनों ने हादसे की पूरी जानकारी पुलिस को दी है. फिलहाल अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj