Bijasan Mata Temple: सालों पुराना मंदिर, 750 सीढ़ियों का सफर, नवरात्रि में मां बिजासन के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

Last Updated:October 17, 2026, 20:14 IST
Bijasan Mata Temple: राजस्थान के बूंदी जिले के इंद्रगढ़ में नवरात्रि के दौरान मां बिजासन के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. करीब 1000 साल पुराने मंदिर में भक्त 750 सीढ़ियां चढ़कर दर्शन करने पहुंच रहे हैं. जानिए मां बिजासन मंदिर की प्राचीन मान्यताएं और धार्मिक महत्व.
बूंदी. जिले के इंद्रगढ़ में नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बिजासन के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है. अरावली पर्वतमाला की चोटी पर स्थित मां बिजासन के प्राचीन मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. भक्त मां के जयकारे लगाते हुए 750 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर तक पहुंच रहे हैं और परिवार की सुख-शांति, खुशहाली व समृद्धि की कामना कर रहे हैं. नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
इंद्रगढ़ स्थित मां बिजासन का मंदिर अपनी प्राचीनता और धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है. मान्यता है कि यह मंदिर करीब 1000 वर्ष पुराना है. स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कृपानाथ महाराज की तपस्या से प्रसन्न होकर मां बिजासन यहां प्रकट हुई थी. मंदिर जिस पहाड़ी पर स्थित है, उसे शेषनाग के स्वरूप से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि यहां मां स्वयंभू रूप में विराजमान हैं. यही वजह है कि इस मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है.
28वीं पीढ़ी कर रही मां की पूजा-अर्चना
मंदिर की परंपरा भी लंबे समय से चली आ रही है, बताया जाता है कि यहां योगी समाज के लोग पीढ़ियों से मां बिजासन की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं. वर्तमान में योगी समाज की 28वीं पीढ़ी मंदिर में पूजा की परंपरा को आगे बढ़ा रही है. श्रद्धालुओं के लिए यह मंदिर केवल दर्शन का स्थान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक विश्वास का प्रमुख केंद्र है. नवरात्रि के दौरान बूंदी और हाड़ौती क्षेत्र के साथ ही राजस्थान के अन्य जिलों तथा देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंच रहे हैं. कोई परिवार के साथ तो कोई बच्चों को लेकर माता के दरबार में हाजिरी लगा रहा है. 750 सीढ़ियों का रास्ता तय करने के बावजूद भक्तों के उत्साह में कमी नहीं दिखाई दे रही है. श्रद्धालुओं का कहना है कि मां बिजासन के दरबार में दर्शन करने से मन को शांति मिलती है और उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड तैनात
नवरात्रि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं. प्रशासन का प्रयास है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और वे शांतिपूर्ण तरीके से मां के दर्शन कर सकें. नवरात्रि के दौरान मां बिजासन के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इंद्रगढ़ की धार्मिक पहचान और लोगों की अटूट आस्था को दर्शा रही है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bundi,Rajasthan
First Published :
October 17, 2026, 20:14 IST



