Breaking News Live Updates: लाल किला बम धमाका केस में पुलिस को बड़ी सफलता, उधर दुबई एयर शो में भारत दिखाएगा दम

गृहमंत्री अमित शाह आज फरीदाबाद में आयोजित उत्तरी क्षेत्रीय जोनल काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक में हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जहां आंतरिक सुरक्षा, लाल किला धमाका केस और क्षेत्रों के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. वहीं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करने की तैयारी में है. दुबई एयर शो 2025 में भारत न सिर्फ अपने रक्षा सामर्थ्य को दुनिया के सामने रखेगा, बल्कि रक्षा उत्पादन और साझेदारी को लेकर कई अहम देशों के साथ बातचीत भी होगी. इस बीच दिल्ली धमाके की जांच में NIA को बड़ी सफलता मिली है. आत्मघाती हमलावर उमर के करीबी सहयोगी आमिर राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही यूपी के सम्भल में जामा मस्जिद परिसर में ASI टीम के साथ हुई अभद्रता को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
November 17, 202508:30 IST
‘राजभवन से हथियार बांटे जा रहे…’ कल्याण बनर्जी के बवाल पर बीजेपी का पलटवार
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की तरफ से पश्चिम बंगाल राजभवन से हथियार बांटे जाने के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है. बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा, ‘कल्याण बनर्जी एक वरिष्ठ वकील, सांसद और लंबे समय से राजनेता रहे हैं. उनसे ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती है, जो हमारे संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाता हो. उन्हें भी सोच-समझकर बोलना चाहिए, अन्यथा उन्हें कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए.’
November 17, 202507:54 IST
दुबई एयर शो 2025 में भारत दिखाएगा अपनी रक्षा क्षमता
भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सैन्य और तकनीकी क्षमता प्रदर्शित करने की तैयारी में है. दुबई एयर शो 2025 में भारत कई उन्नत रक्षा प्रणालियों और स्वदेशी तकनीकों को प्रदर्शित करेगा.
रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ 17 और 18 नवंबर को यूएई में इंडस्ट्री राउंड-टेबल की अध्यक्षता करेंगे. इस दौरान वे कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे, जिनमें डिफेंस प्रोडक्शन, जॉइंट वेंचर, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी.
भारत इस शो को रक्षा निर्यात बढ़ाने और वैश्विक साझेदारी मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है.
November 17, 202507:37 IST
रूसी विदेश मंत्री से मिलेंगे जयशंकर, SCO बैठक में भी होंगे शामिल
विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे. यह बैठक राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अगले महीने होने वाली नई दिल्ली यात्रा से पहले काफी अहम मानी जा रही है. दोनों नेता भारत–रूस द्विपक्षीय संबंधों, सामरिक सहयोग, ऊर्जा, रक्षा और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा के अनुसार, जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की ‘काउंसिल ऑफ प्राइम मिनिस्टर्स’ की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए रूस पहुंच रहे हैं. यह बैठक मंगलवार को आयोजित की जाएगी.
November 17, 202507:25 IST
Breaking News Live Updates: फरीदाबाद में गृहमंत्री की अहम बैठक, सुरक्षा पर बड़े फैसलों की उम्मीद
गृहमंत्री अमित शाह आज फरीदाबाद में होने वाली उत्तरी क्षेत्रीय जोनल काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक में हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे. माना जा रहा है कि बैठक में लाल किला धमाके के मामले से जुड़े पहलुओं और क्षेत्रीय सुरक्षा की समग्र स्थिति पर चर्चा हो सकती है. राज्य स्तर पर आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, साइबर अपराध और इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत बातचीत की संभावना है.
केन्द्र सरकार इसे एक महत्वपूर्ण बैठक मान रही है, क्योंकि हाल के दिनों में कई राज्यों में सुरक्षा चुनौतियाँ बढ़ी हैं और इस बैठक से आपसी समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में उम्मीदें बढ़ गई हैं.



