CM भजनलाल का UCC पर मंथन, जयपुर में 850 किलो मसाले सीज, वंदे भारत के पावर फेल

Last Updated:August 08, 2026, 07:40 IST
Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने आवास पर सुबह 11:30 बजे से अधिवक्ताओं के साथ संवाद और आभार कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने माहेश्वरी ब्लेंड पर कार्रवाई करते हुए रि…और पढ़ें
भीलवाड़ा में पुलिस ने 8 किलो 370 ग्राम गांजा बरामद कर सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश को गिरफ्तार किया
Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने आवास पर सुबह 11:30 बजे से अधिवक्ताओं के साथ संवाद और आभार कार्यक्रम होगा. इसमें एजी, एएजी, सरकारी वकील और अभियोजक शामिल होंगे. दोपहर 2 से 3 बजे तक जिला स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्यों का आभार कार्यक्रम होगा. शाम 5 बजे कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री शामिल होंगे. शाम 6 से 7 बजे मुख्यमंत्री आवास पर समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर अहम बैठक होगी.
जयपुर में मसाला फैक्ट्री पर छापा, 850 किलो मसाले किए सीज
जयपुर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जेतपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित माहेश्वरी ब्लेंड पर कार्रवाई की. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन और अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह व संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम ने यह कार्रवाई की. टीम ने Richa ब्रांड के हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर के एक-एक नमूने लिए. मौके से करीब 850 किलो मसाले सीज किए गए. विभाग के अनुसार अजमेर से लिए गए Richa ब्रांड के मिर्च पाउडर के बैच नंबर 28 का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था. इसके बाद संबंधित बैच पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने प्रतिबंध लगाया. जयपुर में लिए गए नए नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा. मौके पर मिली कमियों को लेकर इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया जाएगा.
चूरू में तकनीकी खराबी से वंदे भारत का पावर फेल, एक घंटे रुकी ट्रेन
नई दिल्ली से बीकानेर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी खराबी के कारण चूरू जिले में करीब एक घंटे तक बीच रास्ते खड़ी रही. जानकारी के अनुसार रात करीब 8:10 बजे हडियाल स्टेशन के पास ट्रेन का पावर फेल हो गया. अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा. तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने सादुलपुर से दूसरा इंजन मंगवाया. करीब 9:15 बजे दूसरा इंजन जोड़कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. इसके बाद वंदे भारत एक्सप्रेस बीकानेर की ओर रवाना हुई. घटना के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या दूर की और ट्रेन का संचालन बहाल कराया.
भजनलाल का आज UCC पर मंथन, अधिवक्ताओं से भी करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री आवास पर सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक अधिवक्ताओं के साथ संवाद और आभार कार्यक्रम आयोजित होगा. इसमें एडवोकेट जनरल, एडिशनल एडवोकेट जनरल, सरकारी वकील और अभियोजक शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक जिला स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्यों के लिए आभार कार्यक्रम होगा. शाम 5 बजे मुख्यमंत्री कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं के सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे. इसके बाद शाम 6 से 7 बजे मुख्यमंत्री आवास पर समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर अहम बैठक होगी. बैठक में UCC की तैयारियों और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
देशनोक में सांड से बचने में भिड़े दो ट्रेलर, दोनों चालक घायल
बीकानेर के देशनोक क्षेत्र में NH-62 पर सड़क पर अचानक आए सांड के कारण बड़ा हादसा हो गया. सांड के सामने आने के बाद दो ट्रेलर आमने-सामने भिड़ गए. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रेलरों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए. हादसे में दोनों ट्रेलर चालक घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद देशनोक पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा. हादसे के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया. देशनोक नगरपालिका की टीम भी फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस और नगरपालिका टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. कार्रवाई में ASI लेखराम और पालिका जमादार भंवर लाल की टीम ने अहम भूमिका निभाई. हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.
भीलवाड़ा में 8 किलो गांजा बरामद, नशा तस्कर सोनू गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भीलवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. SP सागर राणा के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन ड्रग फ्री सिटी के तहत सुभाष नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश को पकड़ा है. उसके कब्जे से 8 किलो 370 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच मंगरोप थाना पुलिस को सौंपी गई है. पुलिस के अनुसार जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पिछले कई दिनों से अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है.
सिरोही अस्पताल की बदहाली, मरीजों के परिजन कुत्तों के बीच सोने को मजबूर
सिरोही जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. जनाना अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है. हालात ऐसे हैं कि परिजनों को अस्पताल परिसर में घूमने वाले आवारा कुत्तों के बीच सोने को मजबूर होना पड़ रहा है. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने की बात सामने आई है. रात के समय खुले में सोने वाले परिजन कुत्तों को लेकर डरे-सहमे रहते हैं. अस्पताल परिसर की इस स्थिति को लेकर अब जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. खास बात यह है कि जिला कलेक्टर की विजिट के बाद भी व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आने की बात सामने आई है. ऐसे में सवाल है कि इस अव्यवस्था पर आखिर कौन संज्ञान लेगा.
दौसा में बारिश के बीच बाबा नीलकंठ के दरबार पहुंच रहे श्रद्धालु
दौसा में सावन के दसवें दिन दौसा में झमाझम बारिश के बावजूद बाबा नीलकंठ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त देवगिरी पर्वत की ओर पहुंचते रहे. बारिश के बीच श्रद्धालु देवगिरी पर्वत पर चढ़कर बाबा नीलकंठ के दर्शन कर रहे हैं. सुबह करीब 3 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई. बारिश के कारण रास्ते गीले और फिसलन भरे होने के बावजूद शिवभक्तों में खास उत्साह नजर आया. कई श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए बाबा नीलकंठ के दर्शन के लिए पहुंचे. सावन के चलते मंदिर और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 08, 2026, 07:35 IST



