दौसा में अंधड़ का कहर! 231 पोल और 22 ट्रांसफार्मर गिरे, 47 गांवों में छाया अंधेरा

Last Updated:May 04, 2026, 21:06 IST
Dausa News: दौसा जिले में रविवार रात आए तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई. जिलेभर में 231 बिजली के पोल और 22 ट्रांसफार्मर गिर गए, जिससे 47 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई. सिकराय क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा. सैकड़ों पेड़ उखड़ने और टीन शेड उड़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ. सोमवार सुबह से ही बिजली निगम की टीमें मरम्मत में जुटीं और शाम तक अधिकांश इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई. प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा मिल सके.
ख़बरें फटाफट

दौसा में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई.
दौसा. जिले में रविवार रात आए तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई. अंधड़ का असर इतना व्यापक रहा कि जिलेभर में 231 बिजली के पोल और 22 ट्रांसफार्मर गिर गए, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छा गया. सबसे ज्यादा नुकसान सिकराय क्षेत्र में हुआ, जहां अकेले 107 बिजली के पोल और 14 ट्रांसफार्मर धराशायी हो गए.
तेज हवाओं के चलते सिकराय, महुआ, बांदीकुई, दौसा और लालसोट क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रात के समय करीब 47 गांवों में बिजली गुल रही, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. अंधड़ के कारण कई जगहों पर तार टूट गए और खंभे गिरने से सप्लाई बाधित हो गई.
बिजली मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी
सोमवार सुबह होते ही बिजली निगम की टीमें मरम्मत कार्य में जुट गईं. अधिकारियों और कर्मचारियों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर गिरे हुए पोल हटाने, तारों को ठीक करने और ट्रांसफार्मर बदलने का काम तेजी से शुरू किया. दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद शाम तक अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि कुछ स्थानों पर काम देर रात तक जारी रहा. अंधड़ का असर केवल बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा. तेज हवाओं के चलते सैकड़ों पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे कई रास्ते बाधित हो गए. इसके अलावा कई जगहों पर टीन शेड उड़ गए, जिससे घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा. ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
नुकसान का आकलन करने में जुटे अधिकारी
घटना के बाद प्रशासन की टीमें भी सक्रिय हो गईं और जहां-जहां नुकसान की सूचना मिली, वहां मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा दिलाया जा सके. इस प्राकृतिक आपदा ने जिले में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया, हालांकि प्रशासन और बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dausa,Rajasthan



