‘मुझे खेलना है…’, वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर टीम इंडिया के स्टार का बड़ा बयान, चार साल से नहीं मिल रहा मौका

होमखेलक्रिकेट
वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहता है भारत का ये स्टार, 2022 में खेला था आखिरी बार
Last Updated:August 09, 2026, 20:01 IST
bhuvneshwar kumar odi record: भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार भारतीय टीम की जर्सी में 2022 में टी20 मैच खेला था. वहीं, इसी साल जनवरी में वह वनडे टीम में पिछली बार नजर आए थे. तब से अब तक उन्हें किसी भी फॉर्मेट की टीम में जगह नहीं मिली है. अब जब उनसे 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह इस बारे में नहीं सोच रहे हैं. उनका ध्यान सिर्फ खेल पर है.वनडे वर्ल्ड कप में अपने चयन को लेकर क्या बोले भुवनेश्वर.
नई दिल्ली. भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वनडे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर भविष्य की बहुत ज्यादा चिंता करने से इनकार किया है. भुवी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि फिलहाल उनका ध्यान खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने पर है, न कि भविष्य में क्या होगा, इसका अंदाजा लगाने पर. जब भुवनेश्वर कुमार से पूछा गया कि क्या आईपीएल और घरेलू प्रतियोगिताओं सहित व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनके हालिया प्रदर्शन से उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में जगह मिल सकती है? इसके जवाब में भुवी ने ‘आईएएनएस’ से कहा, ‘मुझे खेलना है, मैं खेल रहा हूं. उसके बाद क्या होगा, इसका अंदाजा नहीं लगा सकता.’ भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार टीम इंडिया के लिए 2022 में खेलते नजर आए थे. उसके बाद से उन्हें मौका नहीं मिला है.
यूपी टी20 लीग में दिखाएंगे दमउत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त से होगी, जिसमें यह अनुभवी तेज गेंदबाज ‘लखनऊ फाल्कन्स’ की कप्तानी करता नजर आएगा. 24 दिनों तक चलने वाले यूपीटी20 सीजन 4 में 34 मैच खेले जाएंगे और पहली बार इसका आयोजन दो शहरों में होगा. लखनऊ में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरुआती चरण के तहत 13 दिनों में 22 मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में जाएगा, जहां शेष 12 मैच 11 दिनों में खेले जाएंगे.
भुवनेश्वर के लिए, यह टूर्नामेंट मैदान पर योगदान देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटर्स को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की चुनौतियों से निपटने में मदद करने का एक और मौका है. भुवनेश्वर लीग की शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहे हैं, उनका मानना है कि टूर्नामेंट लगातार आगे बढ़ा है और यह उन खिलाड़ियों के लिए एक अहम सीढ़ी साबित हो सकता है जो आईपीएल और आगे चलकर नेशनल टीम में जगह बनाना चाहते हैं.
‘टीम इंडिया में आने के लिए खिलाड़ियों के पास अच्छा मौका’उन्होंने कहा, ‘यह लीग का चौथा साल है. हर साल हम सुधार देख रहे हैं, चाहे वह खिलाड़ियों की काबिलियत हो, यूपीसीए की तरफ से दी जाने वाली सुविधाएं हों या उनके काम करने का तरीका. मुझे यकीन है कि इसका भविष्य अच्छा है. मुझे लगता है कि हर राज्य में लीग हो रही है, न कि सिर्फ यूपीसीए में.’ यह अनुभवी तेज गेंदबाज राज्य स्तरीय टी20 लीग के उभरने को घरेलू क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक बदलाव के तौर पर देखता है. उन्होंने कहा, ‘बेशक, इन लीग का भविष्य है. यह सभी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मौका है. अगर वे अच्छा खेलते हैं, तो उन्हें आईपीएल और आगे चलकर भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिल सकता है. इसलिए यह एक शानदार मौका है.’
कप्तानी करते नजर आएंगे भुवीभुवनेश्वर ने कहा कि इस समय लखनऊ फाल्कन्स कैंप का ध्यान मैच की बहुत ज्यादा विस्तृत योजनाओं पर कम है और इस बात पर ज्यादा है कि खिलाड़ी मैदान पर उतरते समय मानसिक रूप से तैयार और सहज महसूस करें. तेज गेंदबाज ने कहा, ‘अभी टूर्नामेंट शुरू नहीं हुआ है, प्रैक्टिस चल रही है. बेशक, कुछ रणनीति और प्लानिंग तो होगी ही, लेकिन यह बहुत जरूरी है कि आप मैच में कैसे उतरते हैं और आपकी मानसिकता कैसी है.’ भुवनेश्वर पर कप्तान और सीनियर खिलाड़ी दोनों की दोहरी जिम्मेदारी होगी. उनके लिए टीम के अंदर सही माहौल बनाना भी उतना ही जरूरी होगा जितनी कि रणनीतिक तैयारी. उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘एक कप्तान और कोच के तौर पर हमारा मकसद यही है कि हम खिलाड़ियों को अच्छे, खुश और सहज माहौल में रख सकें. हमारी यही कोशिश है.’
About the AuthorShivam Upadhyay
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 09, 2026, 20:01 IST



