सिरोही में डायन बताकर महिला से दरिंदगी, बाल काटकर कपड़े फाड़े, अब 20 लाख मौताणा की मांग

सिरोही. राजस्थान के सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक आदिवासी महिला को डायन बताकर उसके साथ बर्बरता की गई. आरोप है कि महिला के बाल काट दिए गए, कपड़े फाड़ दिए गए, उसके साथ मारपीट की गई और पति समेत गांव से बाहर निकाल दिया गया. इतना ही नहीं, गांव में दोबारा रहने देने के बदले आरोपियों ने 20 लाख रुपये मौताणा की मांग भी की है. पीड़िता ने एसपी को परिवाद सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है.
घटना पिण्डवाड़ा थाना क्षेत्र के एक आदिवासी गांव की है. उसने अपने परिवाद में आरोप लगाया है कि गांव के अम्बा, छोटू, अशोक, सुकली, चम्पा, दीपू, रणजीत, केसा, भोमा, सामुड़ी सहित कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की. आरोपियों ने उस पर गांव के दो लोगों की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए उसे डायन बताया. इसके बाद उसके साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया, बाल काट दिए गए और कपड़े फाड़ दिए गए.
पति के साथ गांव से निकाला
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे और उसके पति को गांव छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया. उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया है और वहां जुताई भी शुरू कर दी है. पीड़िता का कहना है कि अब उसे अपने ही गांव और खेत में जाने से रोका जा रहा है.
20 लाख रुपये मौताणा मांगने का आरोप
महिला ने अपने परिवाद में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया है कि गांव में दोबारा प्रवेश देने के बदले उससे 20 लाख रुपये मौताणा मांगा जा रहा है. पीड़िता ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने और उसकी कृषि भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता का कहना है कि वह केवल अपने परिवार के साथ सुरक्षित तरीके से अपने गांव में रहना चाहती है और उसे न्याय चाहिए. उधर, पुलिस ने परिवाद प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि राजस्थान में डायन प्रथा जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने के लिए कानून लागू है. इसके बावजूद इस तरह के आरोपों के आधार पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं हो रहीं है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



