Rajasthan

उदयपुर के इकबाल सक्का ने बनाया लेंस से दिखने वाला 7 ग्राम चांदी और 300 मिलीग्राम सोने का भगवान जगन्नाथ का रथ

Last Updated:July 07, 2026, 13:05 IST

उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने आस्था और कौमी एकता की अनोखी मिसाल पेश करते हुए भगवान जगन्नाथ का दुनिया का सबसे छोटा सोने-चांदी का रथ तैयार किया है. महज 1×1 सेंटीमीटर आकार के इस सूक्ष्म रथ में मूंग के दाने से भी छोटी चांदी की जगन्नाथ प्रतिमा स्थापित है, जिसे देखने के लिए लेंस की जरूरत पड़ती है. 7 ग्राम चांदी और 300 मिलीग्राम सोने से बनी यह कलाकृति भक्ति, कला और भाईचारे का अनूठा प्रतीक बन गई है.

उदयपुर. भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से जुड़ी कहानियों में उस मुस्लिम भक्त का जिक्र अक्सर होता है, जिसकी भक्ति के आगे भगवान का रथ भी रुक गया था. ऐसी ही आस्था और भाईचारे की एक मिसाल इस बार उदयपुर से सामने आई है. यहां के अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने भगवान जगन्नाथ के लिए दुनिया का सबसे छोटा सोने-चांदी का रथ तैयार कर सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता का अनोखा संदेश दिया है. 211 वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. इकबाल सक्का ने महज 1×1 सेंटीमीटर आकार का भगवान जगन्नाथ का रथ तैयार किया है. खास बात यह है कि रथ के भीतर मूंग के दाने से भी छोटी चांदी की भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे सामान्य आंखों से देख पाना संभव नहीं है. इसे देखने के लिए लेंस की आवश्यकता पड़ती है. इतनी सूक्ष्म कलाकृति तैयार कर उन्होंने अपनी बारीक शिल्पकला का अनूठा प्रदर्शन किया है.

रथ में एक सेंटीमीटर का चांदी का मंदिर बनाया गया है. इसके ऊपर एक मिलीमीटर का कलश और केसरिया ध्वज लगाया गया है, जिस पर ‘ॐ’ अंकित है. रथ के साथ एक सेंटीमीटर का चांदी का घोड़ा भी बनाया गया है, जो भगवान जगन्नाथ के रथ को आगे बढ़ते हुए दर्शाता है. पूरी कलाकृति में आस्था, कला और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम दिखाई देता है. डॉ. सक्का ने बताया कि इस रथ को बनाने में 7 ग्राम चांदी, 300 मिलीग्राम सोना और करीब 36 घंटे का समय लगा. उनका कहना है कि यह केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि कौमी एकता, भाईचारे और धार्मिक सद्भाव का प्रतीक है. इसी भावना के साथ वे इस अनूठे रथ को ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर को भेंट करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को पत्र भी भेजा है.

डॉ. सक्का का दावा है कि इससे पहले विश्व का सबसे छोटा जगन्नाथ रथ ओडिशा के भुवनेश्वर के एक कलाकार ने बनाया था, जिसका आकार 3×2 सेंटीमीटर था और उसका नाम इंटरनेशनल बुक में दर्ज है .अब उन्होंने उससे भी छोटा 1×1 सेंटीमीटर का सोने-चांदी का जगन्नाथ रथ बनाकर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का दावा किया है. उदयपुर से निकली यह अनूठी पहल एक बार फिर यह संदेश देती है कि सच्ची भक्ति किसी धर्म या मजहब की सीमाओं में नहीं बंधती. जब श्रद्धा दिल से हो, तो कला भी इबादत बन जाती है और भगवान तक पहुंचने का माध्यम भी. यही वजह है कि डॉ. इकबाल सक्का की यह कलाकृति केवल एक विश्व रिकॉर्ड का दावा नहीं, बल्कि भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल भी बन गई है.

About the AuthorMonali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें

न्यूजलेटर

अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज

खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में

सबमिट करें

Location :

Udaipur,Rajasthan

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj