क्या किडनी स्टोन के मरीजों के लिए टमाटर खाना नुकसानदायक? डॉक्टर से जान लीजिए हकीकत

Last Updated:May 11, 2026, 23:04 IST
Kidney Stones and Tomatoes: किडनी स्टोन आजकल बेहद कॉमन समस्या है. कई लोग मानते हैं कि टमाटर खाने से स्टोन की परेशानी हो सकती है और पथरी के मरीजों को इसे अवॉइड करना चाहिए. डॉक्टर्स की मानें तो टमाटर खाने से पथरी का खतरा नहीं होता है. हालांकि किसी भी चीज का सेवन अत्यधिक मात्रा में नहीं करना चाहिए.
किडनी स्टोन के मरीज भी कम मात्रा में टमाटर खा सकते हैं.
Tomatoes and Kidney Stone Risk: किडनी स्टोन की समस्या से बड़ी संख्या में लोग जूझ रहे हैं. आजकल युवाओं में पथरी की समस्या तेजी से बढ़ रही है. जिन लोगों को यह परेशानी होती है, वे अक्सर अपनी डाइट को लेकर काफी सतर्क हो जाते हैं. लंबे समय से यह धारणा बनी हुई है कि टमाटर खाने से पथरी बढ़ सकती है. कई लोग किडनी स्टोन होने पर टमाटर खाना पूरी तरह बंद कर देते हैं. अब सवाल है कि क्या वास्तव में टमाटर किडनी स्टोन के मरीजों के लिए नुकसानदायक होता है? इस बारे में डॉक्टर से हकीकत जानने की कोशिश करते हैं, ताकि लोगों का भ्रम दूर हो सके.
नई दिल्ली के सर गंगाराम सिटी हॉस्पिटल के सीनियर यूरोलॉजिस्ट डॉ. अमरेंद्र पाठक ने को बताया किडनी स्टोन कई प्रकार के होते हैं, लेकिन सबसे कॉमन कैल्शियम ऑक्सलेट स्टोन माना जाता है. टमाटर में ऑक्सलेट नामक तत्व थोड़ी बहुत मात्रा में पाया जाता है, लेकिन इससे किडनी स्टोन बनने का खतरा नहीं होता है. जिन लोगों को किडनी स्टोन है, वे भी टमाटर खा सकते हैं. सीमित मात्रा में टमाटर खाना सुरक्षित माना जाता है. हालांकि जिन लोगों में बार-बार कैल्शियम ऑक्सलेट स्टोन बनने की समस्या होती है, वे इस मामले में सावधानी बरतें और खानपान को लेकर डॉक्टर की सलाह लें.
डॉक्टर के मुताबिक किडनी स्टोन बनने के पीछे पानी कम पीना, ज्यादा नमक, हाई ऑक्सलेट डाइट, आनुवंशिक कारण और दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी जिम्मेदार हो सकती हैं. किडनी स्टोन से बचाव में सबसे जरूरी भूमिका पर्याप्त पानी की होती है. शरीर में पानी की कमी होने पर यूरिन ज्यादा कंसंट्रेट हो जाता है, जिससे मिनरल्स जमा होकर स्टोन बना सकते हैं. जरूरत से ज्यादा नमक, प्रोसेस्ड फूड और शुगरी ड्रिंक्स का सेवन भी स्टोन का खतरा बढ़ा सकता है.
एक्सपर्ट का कहना है कि हर मरीज की स्थिति अलग होती है. इसलिए किडनी स्टोन का प्रकार, मेडिकल हिस्ट्री और टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर ही सही डाइट तय की जाती है. कई बार डॉक्टर कुछ समय के लिए हाई ऑक्सलेट फूड सीमित करने को कह सकते हैं, लेकिन यह फैसला पेशेंट की कंडीशन पर डिपेंड करता है. टमाटर में विटामिन C, पोटैशियम, एंटीऑक्सीडेंट और लाइकोपीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. लाइकोपीन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है. किडनी स्टोन के मरीज भी टमाटर का सीमित मात्रा में सेवन करें और अगर कोई समस्या आए, तो इस बारे में एक्सपर्ट की सलाह लें.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.About the Authorअमित उपाध्याय
अमित उपाध्याय हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



