Jai Govind Fire Kulcha I जयपुर में छोले-कुलचे का बदला अंदाज, आग पर बनता है फायर कुलचा

Last Updated:October 04, 2026, 12:13 IST
Jai Govind Fire Kulcha: जयपुर के चौड़ा रास्ता में मिलने वाला फेमस फायर कुलचा अपने अनोखे स्वाद और बनाने के अंदाज के लिए खास है। आग पर तैयार होने वाले इस कुलचे में पनीर, चीज, क्रीम और हरी चटनी का स्वाद मिलता है। सिर्फ 100 रुपये में मिलने वाला यह स्ट्रीट फूड स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी खूब पसंद आ रहा है।
जयपुर. जयपुर अपने ऐतिहासिक किलों और महलों के साथ-साथ अपने स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड के लिए भी मशहूर है. शहर की चारदीवारी में कई ऐसे छोटे ठेले और दुकानें हैं, जहां मिलने वाला स्वाद लोगों को बार-बार यहां आने पर मजबूर करता है. इन्हीं में से एक है चौड़ा रास्ता में मिलने वाला जय गोविंद फायर कुलचा, जो अपने अनोखे तरीके से तैयार होने के कारण लोगों के बीच खास पहचान बना चुका है.
आमतौर पर छोले-कुलचे तवे पर तैयार किए जाते हैं, लेकिन जयपुर के इस खास कुलचे को अलग अंदाज में बनाया जाता है. यहां कुलचे को तेज आग पर तैयार किया जाता है, जिसे देखने में भी लोगों को काफी दिलचस्पी होती है. कुलचे को आग पर सेंकने और तैयार करने की प्रक्रिया देखकर ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. चौड़ा रास्ता में सड़क किनारे लगने वाले इस छोटे से ठेले पर शाम के समय लोगों की भीड़ नजर आती है. स्थानीय लोगों के साथ जयपुर घूमने आने वाले पर्यटक भी यहां इस खास स्ट्रीट फूड का स्वाद लेने पहुंचते हैं.
पनीर, चीज और हरी चटनी बढ़ाती है स्वाद
जय गोविंद के फायर कुलचे की खासियत सिर्फ इन्हें आग पर तैयार करने का तरीका नहीं है. यहां कुलचे को प्याज, टमाटर, पनीर, चीज और क्रीम के साथ तैयार किया जाता है. इसके साथ मिलने वाली खास हरी चटनी इसके स्वाद को और बढ़ा देती है. सोशल मीडिया पर भी इस फायर कुलचे की मेकिंग और सर्विंग के वीडियो खूब पसंद किए जाते हैं. कई लोग वीडियो देखने के बाद खास तौर पर यहां पहुंचकर इसका स्वाद लेते हैं.
पहले भगवान को लगाया जाता है भोग
इस फायर कुलचे से जुड़ी एक खास धार्मिक परंपरा भी है, यहां सबसे पहले बिना प्याज और लहसुन के फायर कुलचे तैयार किए जाते हैं. इनका भोग पास ही स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में लगाया जाता है, इसके बाद ही लोगों के लिए कुलचे तैयार करने और बेचने का काम शुरू होता है. जयपुर में आमतौर पर छोले-कुलचे 50 से 60 रुपये में मिल जाते हैं, लेकिन यहां मिलने वाले स्पेशल फायर कुलचे की एक प्लेट की कीमत 100 रुपये है. एक प्लेट में आग पर तैयार किए गए कुलचे के साथ स्वादिष्ट छोले और दूसरी सामग्री दी जाती है. बताया जाता है कि चौड़ा रास्ता में यह ठेला पिछले करीब 5 साल से लोगों को फायर कुलचे का स्वाद दे रहा है. अब यह जगह स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के बीच भी एक पसंदीदा स्ट्रीट फूड पॉइंट बन गई है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 04, 2026, 12:13 IST



