Jaipur Book Fair 2026: जयपुर में किताबों का महाकुंभ में 5 लाख से ज्यादा किताबें, 75% तक छूट, एंट्री बिल्कुल फ्री

Last Updated:October 09, 2026, 12:51 IST
Jaipur Book Fair 2026: जयपुर के जवाहर कला केंद्र में जयपुर बुक फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है, जहां 5 लाख से ज्यादा किताबें 50 से 75 प्रतिशत तक की छूट पर मिल रही हैं. हिंदी साहित्य, उपन्यास, बेस्टसेलर और बच्चों की किताबों के साथ यहां किताबें किलो के हिसाब से खरीदने का विकल्प भी है. फेस्टिवल में एंट्री फ्री है और यह अक्टूबर के अंत तक चलेगा.
जयपुर. किताबें पढ़ने के शौकीनों के लिए जयपुर में खास मौका है, जवाहर कला केंद्र (जेकेके) के साउथ विंग में जयपुर बुक फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. यहां अलग-अलग विषयों और भाषाओं की 5 लाख से ज्यादा किताबें उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि फेस्टिवल में किताबों पर 50 से 75 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग अपनी पसंद की किताबें खरीदने पहुंच रहे हैं, यहां हिंदी साहित्य, कहानियों और उपन्यासों से लेकर देश-दुनिया के चर्चित लेखकों की किताबें एक ही जगह पर मिल रही हैं. फेस्टिवल में विजिटर्स की एंट्री पूरी तरह निशुल्क है और इसका आयोजन अक्टूबर के अंत तक चलेगा.
जयपुर बुक फेस्टिवल की खासियत यहां मिलने वाली किताबों की बड़ी रेंज है. यहां फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बिजनेस, मैनेजमेंट, बायोग्राफी, हेल्थकेयर, मोटिवेशन, सेल्फ हेल्प, दर्शन और इतिहास जैसे कई विषयों की किताबें उपलब्ध हैं. इसके अलावा हिंदी साहित्य, कहानियों और उपन्यासों का भी अच्छा कलेक्शन है, युवा पाठकों के बीच इन किताबों की खास मांग रहती है. फेस्टिवल में देश-दुनिया के चर्चित लेखकों और बेस्टसेलर किताबों को भी जगह दी गई है. यहां एपीजे अब्दुल कलाम, जॉन एलिया, सद्गुरु और आचार्य प्रशांत जैसे चर्चित लोगों की किताबें उपलब्ध हैं. युवा अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से किताबें चुन सकते हैं, यहां मनोरंजन से लेकर ज्ञान बढ़ाने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाली किताबों का संग्रह मौजूद है.
बच्चों के लिए भी खास किताबों का कलेक्शन
इस फेस्टिवल में केवल युवाओं और बड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी कई तरह की किताबें रखी गई हैं. इनमें रंग-बिरंगी तस्वीरों, रोचक कहानियों और अलग-अलग गतिविधियों वाली किताबें शामिल हैं. इन किताबों के जरिए बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने में मदद मिल सकती है. आज के समय में जब बच्चे मोबाइल और डिजिटल कंटेंट पर ज्यादा समय बिताते हैं, ऐसे में यह फेस्टिवल उन्हें किताबों की दुनिया से जोड़ने का अच्छा मौका देता है. माता-पिता भी अपने बच्चों की उम्र और रुचि के अनुसार किताबें खरीद सकते हैं. जयपुर बुक फेस्टिवल लोगों के बीच किताबों पर मिलने वाली छूट के लिए खास पहचान रखता है. यहां ग्राहक अपनी पसंद की किताबें चुनकर खरीद सकते हैं. इसके अलावा, जो लोग एक साथ कई किताबें खरीदना चाहते हैं, उनके लिए वजन यानी किलो के हिसाब से किताबें खरीदने का विकल्प भी उपलब्ध है. इस तरीके से लोग कम कीमत में कई किताबें अपने घर ले जा सकते हैं. किताबों की बड़ी संख्या और आकर्षक ऑफर्स के कारण यह फेस्टिवल पुस्तक प्रेमियों के लिए खास बन गया है. यहां अलग-अलग उम्र और रुचि के लोगों को अपनी पसंद की किताबें तलाशने का मौका मिल रहा है.
अक्टूबर के अंत तक चलेगा फेस्टिवल
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित इस बुक फेस्टिवल में किताबें खरीदने के साथ अलग-अलग विषयों की पुस्तकों को देखने और अपनी पसंद का संग्रह तैयार करने का अवसर मिल रहा है. फेस्टिवल अक्टूबर महीने के अंत तक चलेगा। यहां आने के लिए किसी प्रवेश शुल्क की जरूरत नहीं है. ऐसे में किताबें पढ़ने और खरीदने के शौकीन लोग निशुल्क प्रवेश के साथ इस आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 09, 2026, 12:51 IST



