Jaipur Saree with 100 Dohe for Voting

Last Updated:September 11, 2026, 10:32 IST
Jaipur Couple Made Saree with 100 Dohe for Voting: जयपुर के मालवीय नगर निवासी नवल डागा और शारदा डागा ने निकाय चुनावों के मद्देनजर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक अनूठी साड़ी तैयार की है. इस साड़ी पर 100 दोहे और 400 पंक्तियां लिखी गई हैं, जिनमें किसी भी नीचे की मात्रा का उपयोग नहीं किया गया है ताकि अक्षर बड़े और पढ़ने में आसान रहें. साड़ी पर मतदान के संदेश के साथ हवामहल और जलमहल जैसे जयपुर के ऐतिहासिक चित्र भी उकेरे गए हैं. डागा दंपति इस तरह की 100 साड़ियों पर 10 हजार दोहों की श्रृंखला तैयार कर रहे हैं.
ख़बरें फटाफट
Jaipur: राजस्थान में निगम और निकाय चुनाव के मतदान का दौर चल रहा है, जहां प्रशासन और विभिन्न संस्थाएं लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील कर रही हैं. इसी कड़ी में जयपुर के मालवीय नगर निवासी नवल डागा और शारदा डागा ने चुनावों में मतदान को लेकर एक बेहद अनूठा और रचनात्मक तरीका अपनाया है. उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करने और प्रत्याशियों को हर एक वोट का महत्व समझाने के लिए साहित्य से जुड़ी एक खास साड़ी तैयार की है. इस विशेष साड़ी पर 100 दोहे लिखे गए हैं, जो सीधे तौर पर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करते हैं.
शारदा डागा द्वारा तैयार की गई इस अनोखी साड़ी पर कुल 400 पंक्तियों के दोहे उकेरे गए हैं. इन दोहों में मतदाता के महत्व, अपने मत की सही कीमत समझने, लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जन भागीदारी निभाने और एक योग्य प्रतिनिधि चुनने जैसे महत्वपूर्ण संदेश लिखे गए हैं. खास बात यह है कि इन सभी दोहों में नीचे की किसी भी मात्रा का इस्तेमाल नहीं किया गया है. मात्राओं का प्रयोग न होने के कारण अक्षरों का फोंट साइज सामान्य टेक्स्ट की तुलना में 34 प्रतिशत तक बढ़ जाता है, जिससे साड़ी पर लिखे ये संदेश दूर से ही बहुत बड़े और स्पष्ट दिखाई देते हैं तथा आसानी से पढ़े जा सकते हैं.
जयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों और सरल संदेशों का संगम
यह साड़ी सामान्य वस्त्र होने के साथ-साथ जयपुर की संस्कृति की भी झलक दिखाती है. इस पर मतदान के संदेश वाले दोहों के साथ-साथ जयपुर की प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहरों जैसे हवामहल, जलमहल और जंतर-मंतर के सुंदर चित्र भी बने हुए हैं, जो इसे जयपुर की पहचान से जोड़ते हैं. नवल डागा ने बताया कि उन्हें बिना मात्रा के दोहे लिखने की प्रेरणा रिटायर इनकम टैक्स कमिश्नर कान्हाराम से मिली थी. इस साड़ी पर “वोटर वोट देते आपको, वोटों की सौगात. मन ना हो तब भी करें, हर वोटर से बात” और “वोटर का जो कर रहे, जी भर कर सम्मान. वे नेता जी ही सदा, पाते जग में मान” जैसे सरल और सुंदर दोहे लिखे गए हैं, जिन्हें हर मतदाता और प्रत्याशी आसानी से समझ सकता है.
100 साड़ियों और 10 हजार दोहों की अनूठी श्रृंखला
लोकल-18 से बातचीत के दौरान नवल डागा और शारदा डागा ने बताया कि वे हिंदी भाषा के विभिन्न विषयों पर 10 हजार दोहे लिखकर कुल 100 साड़ियां और किताबें तैयार करने की बड़ी श्रृंखला पर काम कर रहे हैं. इसी अभियान के तहत उन्होंने यह पहली खास मतदान संदेश वाली साड़ी तैयार की है. गौरतलब है कि डागा दंपति प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी और प्रकृति-संरक्षक हैं, जिन्होंने अपने चार मंजिला घर को पूरी तरह हरियाली से ढका हुआ है. इसके अलावा नवल डागा कबाड़, रीसायकल कागज और बिना पेड़ काटे हजारों उपयोगी उत्पाद व 550 से अधिक छोटी पुस्तकें खुद लिखकर प्रकाशित कर चुके हैं.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 11, 2026, 10:32 IST



