Jhunjhunu News: झुंझुनूं में पैंथर का आतंक, महिला पर हमला, कुछ देर बाद ग्रामीण को भी बनाया शिकार

Last Updated:September 13, 2026, 16:47 IST
झुंझुनूं के रसूलपुर में पैंथर का आतंक देखने को मिला। डाटानगढ़ ढाणी में खेत पर फव्वारा लाइन बदल रही महिला पर पैंथर ने हमला कर दिया. कुछ देर बाद बंशीलाल गुर्जर को भी निशाना बनाया, दोनों घायलों को सीकर रेफर किया गया. वन विभाग की टीमों को पैंथर के पगमार्क करीब 6 किलोमीटर दूर माधोगढ़ की पहाड़ियों तक मिले हैं.
झुंझुनूं. जिले के रसूलपुर क्षेत्र की डाटानगढ़ ढाणी में पैंथर के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. खेत में फव्वारा लाइन बदलने गई एक महिला पर पैंथर ने अचानक हमला कर दिया. घटना के कुछ समय बाद पैंथर ने बंशीलाल गुर्जर पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया. लगातार दो लोगों पर हमले की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है. घायल महिला और बंशीलाल गुर्जर को परिजन और ग्रामीण उपचार के लिए बड़ाऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. हालत को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए सीकर रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलने पर बबाई थाने से हेड कांस्टेबल रविकांत शर्मा और डीएसपी राजेंद्र कुमार बुरड़क मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी और दहशत कम करने का प्रयास किया. इसके बाद वन विभाग खेतड़ी की टीम भी मौके पर पहुंची. वनकर्मियों ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से खेतों में नहीं जाने की हिदायत दी.
संसाधनों की कमी का आरोप
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई, उनका आरोप है कि मौके पर पहुंची टीम के पास पैंथर को पकड़ने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे और कार्रवाई महज औपचारिकता तक सीमित दिखाई दी. पैंथर को पकड़ने में सफलता नहीं मिलने से ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति रोष बढ़ गया है. वन अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पैंथर की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. टीमों ने रसूलपुर के खेतों में बाजरे की फसल के बीच तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान पैंथर के पगमार्क रसूलपुर से करीब छह किलोमीटर दूर माधोगढ़ की पहाड़ियों तक मिले.
जंगल की ओर लौटने के संकेत
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पगमार्क के आधार पर पैंथर के वापस जंगल की ओर लौटने के संकेत मिले हैं. पैंथर का पता नहीं चलने पर जयपुर से आई रेस्क्यू टीम भी वापस लौट गई. हालांकि, एहतियात के तौर पर रसूलपुर क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी टीम तैनात की गई है. पैंथर को पकड़ने के लिए डाटानगढ़ ढाणी के पास पिंजरा भी लगाया. वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं. लगातार दो लोगों पर हमले के बाद ग्रामीणों ने पैंथर को जल्द रेस्क्यू करने के साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jhunjhunu,Rajasthan
First Published :
September 13, 2026, 16:47 IST



