घी से फैशन तक का सफर, पाली का ‘घी का झंडा’ बाजार बना मारवाड़ का सबसे ट्रेंडी शॉपिंग हब

Last Updated:April 19, 2026, 18:17 IST
Pali Ghee Market Story : पाली का ‘घी का झंडा’ बाजार कभी शुद्ध घी के लिए मशहूर था, लेकिन समय के साथ इसने खुद को बदल लिया. आज यह बाजार कपड़ों, फैशन और हर जरूरत के सामान के लिए मारवाड़ का बड़ा शॉपिंग हब बन चुका है, जहां सस्ती कीमत और वैरायटी ग्राहकों को खासा आकर्षित करती है.
पाली का ‘घी का झंडा’ मार्केट कभी अपनी शुद्धता के लिए देशभर में विख्यात था. रियासत काल और दादा-परदादाओं के जमाने में यहां गली-गली में सिर्फ घी की दुकानें हुआ करती थीं. उस दौर में यहाँ से घी न केवल राजस्थान, बल्कि गुजरात और मध्य प्रदेश तक सप्लाई होता था. घी की गुणवत्ता इतनी जबरदस्त थी कि बाजार के नाम के साथ ‘झंडा’ शब्द जुड़ गया,जो इसकी खाासियत पहचान बन गई.
जैसे-जैसे समय बदला और पैकेजिंग व ब्रांडेड घी का दौर आया, यहां का घी व्यापार सिमटने लगा. लेकिन इस बाजार ने अपनी जीवंतता को खोने नहीं दिया. घी की दुकानों की जगह धीरे-धीरे कपड़ों के शोरूम और दुकानों ने ले ली. आज यह मार्केट घी के लिए नहीं, बल्कि कपड़ों और लेटेस्ट फैशन के लिए पूरे मारवाड़ में मशहूर है. नाम वही पुराना है, लेकिन काम पूरी तरह बदल चुका है.
आज ‘घी का झंडा’ मार्केट को पाली का मिनी सदर बाजार कहा जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां ग्राहक को अपनी जरूरत का हर छोटा-बड़ा सामान एक ही जगह मिल जाता है. सुई-धागे से लेकर कॉस्मेटिक्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, फुटवियर और बैग्स तक की यहां विशाल रेंज उपलब्धं है. जो सामान पहले लोग जयपुर या दिल्ली से मंगवाते थे, वह अब इसी मार्केट की रौनक बढ़ा रहा है.
Add as Preferred Source on Google
फैशन के मामले में यह बाजार बड़े शहरों को टक्कर देता है. यहां राजस्थानी परंपरा की झलक लिए हुए भारी लहंगे और ओढ़नी भी मिलती है, तो दूसरी तरफ आज के युवाओं की पसंद के वेस्टर्न और डिजाइनर ड्रेसेस भी मौजूद हैं. व्यापारियों का कहना है कि यहां न केवल बेहतरीन क्वालिटी मिलती है, बल्कि कीमतें भी इतनी वाजिब हैं कि मध्यम वर्ग से लेकर खास वर्ग तक, हर कोई यहां खिंचा चला आता है.
इस मार्केट की लोकप्रियता का अंदाजा रविवार के दिन यहां होने वाली भीड़ से लगाया जा सकता है. छुट्टी के दिन यहां पैर रखने तक की जगह नहीं होती. आसपास के गांवों और कस्बों से लोग विशेष रूप से यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं. घी का झंडा मार्केट का हर कोना ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहता है, जो इस बात का सबूत है कि यह बाजार अब आम जनमानस की पहली पसंद बन चुका है.
First Published :
April 19, 2026, 18:17 IST



