Ketan Agarwal murder case | Siya Goyal | केतन हत्याकांड: जोधपुर में रहता था चेतन, पिता की परचून दुकान संभालने गया था पुणे, वहीं हुई सिया से मुलाकात और

पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में एक के बाद एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है. पुलिस जांच में अब सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के रिश्ते की परतें खुलने लगी हैं. पता चला है कि दोनों पिछले कई महीनों से लगातार संपर्क में थे और शादी से पहले कई बार साथ घूमने भी गए थे. इसी बीच पुलिस पूछताछ में सिया का कथित कबूलनामा भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल ने अपने जिस बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर कथित रूप से केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले से नीचे फेंका था, वह राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र के पलासनी गांव का रहने वाला है. उसके पिता बाबूलाल सीरवी पिछले कई वर्षों से पुणे में अपने भाइयों के साथ परचून की दुकान चलाते हैं. कोविड महामारी के दौरान कारोबार प्रभावित होने के बाद चेतन भी पिता का हाथ बंटाने पुणे चला गया था. वह चार बहनों का इकलौता भाई है.
सिया को जोधपुर घुमाने लाया था चेतन
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि दिसंबर 2025 में चेतन सिया को लेकर जोधपुर आया था. दोनों ने यहां एक फाइव स्टार होटल में दो दिन बिताए और मेहरानगढ़ किले समेत कई जगहों पर घूमे. इसके बाद मई 2026 में सिया कथित तौर पर चेतन को उदयपुर भी लेकर गई, जहां नवंबर में उसकी और केतन अग्रवाल की शादी होने वाली थी. बताया जा रहा है कि दोनों ने उस होटल का भी दौरा किया, जहां शादी समारोह होना था.
उधर पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल ने पूछताछ के दौरान ये दावा किया है कि वो केतन को कभी पसंद नहीं करती थी. सिया का कहना है कि केतन विग पहनता था, उसके लुक्स उसे पसंद नहीं थे और वह हकलाता भी था. सूत्रों के अनुसार, इन्हीं वजहों से वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी. हालांकि इस पर जब पुलिस ने सवाल किया कि अगर सिया को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, तो उसने शादी से इनकार क्यों नहीं किया?
‘शादी तोड़ने से ज्यादा केतन की हत्या आसान’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया ने पूछताछ में खुलासा किया कि अपने परिवार से शादी तोड़ने को कहने से ज्यादा उसे केतन की हत्या करना आसान लगा. जांच अधिकारियों के मुताबिक सिया ने यह भी कहा कि वह अपने परिवार को दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी, इसलिए उसने सगाई तोड़ने के बजाय प्रेमी चेतन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली.
हालांकि केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनके बेटे के सिर पर केवल छोटा-सा हेयर पैच था और इसकी जानकारी सगाई से पहले ही सिया के परिवार को दे दी गई थी. उन्होंने कहा कि ‘विग किसी की हत्या की वजह नहीं हो सकती.’
सिया के घरवालों को भी मिल गई रिश्ते की भनक
जांच में यह भी सामने आया है कि जनवरी में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सिया के परिवार को उसके और चेतन के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी. पुलिस को शक है कि दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति में बड़ा अंतर होने की वजह से सिया के घरवालों ने उसकी शादी कारोबारी परिवार से जुड़े केतन अग्रवाल से तय कर दी थी.
इस बीच पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से भी लंबी पूछताछ की है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उसे सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी थी और क्या उसने परिवार के अन्य लोगों को इसके बारे में बताया था.



