Khushkhera Factory Fire: चंद मिनटों में राख हुई पूरी फैक्ट्री, प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग, लाखों का हुआ नुकसान

Last Updated:October 25, 2026, 14:48 IST
Khushkhera Factory Fire: खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक आइटम बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. प्लास्टिक और केमिकल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली और करीब आधे घंटे में पूरा प्लांट जलकर राख हो गया. आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है.खुशखेड़ा की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग
अलवर. खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक आइटम बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. अज्ञात कारणों के चलते लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और केमिकल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई और लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मल्टी स्पेशलिटी कंपनी में प्लास्टिक के आइटम बनाने का काम किया जाता है. उत्पादन प्रक्रिया में केमिकल का भी इस्तेमाल होता है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर प्लास्टिक और केमिकल की बड़ी मात्रा मौजूद थी. ऐसे में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही समय में पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद सामान को संभालने या आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका. देखते ही देखते आग ने पूरे प्लांट को अपनी आगोश में ले लिया, करीब आधे घंटे के भीतर ही पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना खुशखेड़ा स्थित रीको फायर स्टेशन को दी गई, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें सक्रिय हो गई और आग बुझाने के लिए मौके पर गाड़ियां रवाना की गई. देखते ही देखते आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया. आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों के सामने लपटों पर काबू पाने की चुनौती खड़ी हो गई. प्लास्टिक और केमिकल की मौजूदगी के चलते आग लगातार फैलती रही, दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले चुकी थी.
दूर तक दिखाई दिया काले धुएं का गुबार
फैक्ट्री में लगी भीषण आग के कारण आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया. औद्योगिक क्षेत्र में आग की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हलचल मच गई. आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है और शुरुआती जानकारी के अनुसार लाखों रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट होने की आशंका है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है, हादसे के कारणों और अन्य परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
October 25, 2026, 14:48 IST



