Rajasthan

राजस्थान में नए साल का जश्न और पुलिस की कार्रवाई

Rajasthan News Live: बारां शहर के अस्पताल रोड पर बिना प्रशासनिक अनुमति के नए साल का जश्न मना रहे एक रेस्टोरेंट पर पुलिस ने कार्रवाई की है. रेस्टोरेंट में बिना इजाजत डीजे बजाया जा रहा था और डांस पार्टी चल रही थी. सूचना मिलते ही डीएसपी हरिराम सोनी ने मौके पर पहुँचकर रेस्टोरेंट में चल रहे कार्यक्रम को तुरंत बंद करवाया.

जोधपुर: “दारू की जगह दूध” – पुलिस की अनूठी पहलजोधपुर पुलिस ने नववर्ष के अवसर पर नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए एक सराहनीय नवाचार किया है. जालोरी गेट चौराहे पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने लोगों को मिट्टी के शिकोरे में दूध पिलाकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया. इस पहल के जरिए पुलिस ने समाज को संदेश दिया कि शराब छोड़ने और नशामुक्त रहने से अपराधों में कमी आती है.

दौसा: कड़ाके की ठंड में एसपी ने बढ़ाया मदद का हाथदौसा पुलिस ने नए साल के पहले दिन मानवता की मिसाल पेश की है. पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने कड़ाके की ठंड में ठिठुर रहे जरूरतमंद लोगों के पास पहुँचकर उन्हें कंबल बांटे. एसपी ने रात के समय शिक्षा संकुल, नगर परिषद और सैंथल मोड़ जैसे इलाकों में घूमकर स्वयं अपने हाथों से कंबल वितरित किए, जिससे असहाय लोगों को राहत मिली.

जयपुर और बूंदी: मावठ की बारिश से बढ़ा सर्दी का सितमनए साल के पहले दिन राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. जयपुर और बूंदी में सुबह-सुबह अचानक हुई मावठ की बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है. जयपुर में धुंध और हल्की बौछारों के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में 30% तक और बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी.

जयपुर: गोविंद देव जी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़राजधानी जयपुर में नव वर्ष की शुरुआत करने के लिए गोविंद देव जी मंदिर में अल सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और मंदिर परिसर जयकारों से गूँज उठा. जयपुर और आसपास के जिलों से आए हजारों भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ भगवान के दर्शन किए.

कोटपूतली: अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाईNews 18 राजस्थान की खबर का बड़ा असर हुआ है. खबर प्रसारित होने के बाद जिला कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लिया. राजस्व, वन, परिवहन, पुलिस और खान एवं भू-विज्ञान विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. जांच में कंपनी द्वारा मिट्टी के अवैध खनन की बात सामने आई है. इसके बाद खान एवं भू-विज्ञान विभाग ने संबंधित कंपनी पर 73,84,840 रुपये की शास्ति (जुर्माना) राशि तय की है.

डीग: सीएम भजनलाल शर्मा ने की पूजा-अर्चनामुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परिवार सहित श्री नाथ जी की पूजा-अर्चना की. सीएम श्री नाथ मंदिर के प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने और उनकी पत्नी गीता शर्मा ने साधु-संतों को भोजन कराया. इस अवसर पर उन्होंने संतों को दक्षिणा और गर्म कंबल भेंट कर आशीर्वाद लिया. सीएम की पत्नी और बेटे ने गिर्राज महाराज की दंडवत परिक्रमा की, जिसके बाद परिवार ने भंडारे का आयोजन किया. सीएम ने खुद परिवार सहित बाल भोग प्रसादी ग्रहण की और स्थानीय लोगों से मुलाकात की. वे कुछ ही देर में जयपुर के लिए रवाना होंगे.

जयपुर: गुवाहाटी की फ्लाइट अटकीइंडिगो की गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट समय पर रवाना नहीं हो सकी है. इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-748, जो जयपुर से सुबह 6:40 बजे प्रस्थान करती है, उसे गुवाहाटी में खराब मौसम के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया है. अब गुवाहाटी एयरपोर्ट से क्लीयरेंस मिलने के बाद ही यह फ्लाइट रवाना हो सकेगी.

जयपुर: बेंगलुरु की फ्लाइट रद्दजयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की बेंगलुरु फ्लाइट रद्द कर दी गई है. फ्लाइट संख्या 6E-6483/6503 के रद्द होने से यात्री परेशान हैं. यह फ्लाइट बेंगलुरु से सुबह 7:20 बजे जयपुर पहुंचती है और सुबह 7:55 बजे वापस बेंगलुरु के लिए उड़ान भरती है. फ्लाइट रद्द होने के कारण आने-जाने वाले दोनों तरफ के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

पिंडवाड़ा: महिला कांस्टेबल की दबंगई का वीडियो वायरलसिरोही के पिंडवाड़ा थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल का बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिला कांस्टेबल अपनी निजी कार को बीच सड़क पर रोककर रास्ता जाम करती नजर आ रही है.

गाली-गलौज और धमकी: वीडियो में देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर कार खड़ी करने की वजह से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई. जब अन्य वाहन चालकों ने विरोध किया, तो महिला कांस्टेबल उन्हें गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगी.
ट्रैफिक जाम: कांस्टेबल की इस हरकत की वजह से काफी देर तक यातायात बाधित रहा. पीड़ित ड्राइवर को डराने और धमकाने का यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पुष्टि: हालांकि, न्यूज 18 राजस्थान इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.

यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि कानून की रक्षा करने वाले ही जब इस तरह सरेराह नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे, तो आम जनता पर क्या प्रभाव पड़ेगा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj