पांचना बांध विवाद ने बढ़ाया तनाव! करौली में इंटरनेट बंद, सोशल मीडिया पोस्ट पर ताबड़तोड़ मुकदमे

करौली. पांचना बांध से जल निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थमता नजर नहीं आ रहा है. मामले को लेकर करौली और दौसा जिले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. एहतियात के तौर पर करौली जिले में बुधवार देर रात करीब 12 बजे से इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं. प्रशासन का कहना है कि अफवाहों और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.
एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर सोशल मीडिया पर जातीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने दोनों समुदायों से जुड़े लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं. हिंडौन सदर थाने में हाकिम सिंह बैसला और उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं करौली सदर थाने में दीपक गढ़ी, अजय राज मीणा, हंसराज, अर्जुन मेहर, मदन राजोर, मनोज मीणा सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है. आरोप है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियां, नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा की गई.
जिला प्रशासन और राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
करौली जिले के गुडला गांव में पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग शामिल हुए. पंचायत में जिला प्रशासन और राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया. पंचायत ने चेतावनी दी कि यदि जाम नहीं खोला गया और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राजस्थान में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल गुडला क्षेत्र में केवल आपातकालीन सेवाओं को ही आवाजाही की अनुमति दी गई है. शादी-विवाह से जुड़े वाहन, सरकारी और निजी कर्मचारियों की आवाजाही तथा रोडवेज बसों का संचालन भी प्रभावित बताया जा रहा है. जिले के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जबकि पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है.
आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में गुर्जर समाज ने की बैठक
दूसरी ओर दौसा में भी इस विवाद का असर देखने को मिला. सोशल मीडिया पर हो रही आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में गुर्जर समाज की बैठक गुर्जर हॉस्टल में आयोजित की गई. समाज की ओर से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन कानून-व्यवस्था को देखते हुए दौसा डीएसपी धर्मेंद्र शर्मा स्वयं गुर्जर हॉस्टल पहुंचे और वहीं समाज के प्रतिनिधियों से ज्ञापन प्राप्त किया. समाज के लोगों ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस की विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों से कुछ असामाजिक तत्व दोनों समुदायों के नाम पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस की विशेष नजर है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पूरे घटनाक्रम पर जिला प्रशासन और पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है.



