IPL मैच से पहले जयपुर में हड़कंप, विधानसभा को उड़ाने की धमकी, मौके पर बम निरोधक दस्ता

Last Updated:April 24, 2026, 11:03 IST
जयपुर विधानसभा में बम की सूचना से हड़कंप, बम निरोधक दस्ता मौके पर जांच में जुटा
ख़बरें फटाफट

बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है. सांकेतिक फोटो
जयपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई. यह धमकी ऐसे समय पर मिली है जब शहर में आईपीएल मैच को लेकर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. जानकारी के अनुसार विधानसभा सचिवालय को संदिग्ध मैसेज के जरिए बम धमाके की सूचना दी गई. जैसे ही यह सूचना अधिकारियों तक पहुंची, तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया. एहतियातन सचिवालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया और पूरे इलाके को खाली कराया गया.
सूचना मिलते ही एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विधानसभा परिसर को अपने घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. हर आने-जाने वाले व्यक्ति और संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि उसी समय सवाई मानसिंह स्टेडियम (SMS स्टेडियम) में आईपीएल मैच से पहले सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल चल रही थी. इसी दौरान अचानक बम की सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई और मॉक ड्रिल को बीच में ही रोककर वास्तविक अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया गया.
शहर में सुरक्षा कड़ी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और भी बढ़ा दी गई है, खासकर उन स्थानों पर जहां आईपीएल मैच को लेकर भीड़ जुटने की संभावना है. फिलहाल, विधानसभा परिसर में तलाशी अभियान जारी है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी भरा संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है.
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता, इसलिए पूरी सतर्कता के साथ जांच की जा रही है. साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. इस घटना के बाद जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.
About the Authorसंतोष कुमार
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
First Published :
April 24, 2026, 10:50 IST



