पेपर लीक पर लगेगी लगाम! NEET परीक्षा से पहले जयपुर में सुरक्षा का बड़ा रिहर्सल, इंटरनेट रहेगा बंद, जानें नए नियम

Last Updated:June 20, 2026, 20:03 IST
RE NEET 2026 Exam: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को लेकर राजस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जयपुर सहित प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और एनटीए ने संयुक्त मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजामों की जांच की. इस दौरान सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, जैमर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा गया. परीक्षा के दिन केंद्रों को पांच घंटे पहले पुलिस सुरक्षा में ले लिया जाएगा. परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी तथा अभिभावकों को भी इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा शुरू होते ही इंटरनेट नेटवर्क को नियंत्रित करने के लिए जैमर सक्रिय किए जाएंगे. राजस्थान के 25 जिलों में बनाए गए 611 परीक्षा केंद्रों पर दो लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
ख़बरें फटाफट
NEET परीक्षा से पहले जयपुर में सुरक्षा का बड़ा रिहर्सल
जयपुर. देश की सबसे बड़ी चिकित्सा प्रवेश परीक्षा (NEET) के सफल और पारदर्शी आयोजन को लेकर राजस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है. 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के मद्देनजर जयपुर पुलिस और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजामों का गहन जायजा लिया. प्रदेश के 25 जिलों में बनाए गए 611 केंद्रों पर दो लाख से अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे, जिसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं.
जयपुर पुलिस और एनटीए की टीमों ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया. जयपुर के माणकचौक स्थित स्कूल सहित कई सेंटर्स के एक-एक परीक्षा कक्ष में जाकर पुलिस ने बारीकी से मुआयना किया. इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता को जांचना था. अधिकारियों ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और उनके मॉनिटरिंग सिस्टम को चेक किया कि वे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं. इसके साथ ही परीक्षा संचालन से जुड़े कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई.
परीक्षा केंद्र के 300 मीटर के दायरे में ‘नो एंट्री’रविवार को परीक्षा शुरू होने से ठीक पांच घंटे पहले सभी परीक्षा केंद्रों को पुलिस पूरी तरह से अपने सुरक्षा घेरे में ले लेगी. सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए केंद्र के 300 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के साइबर कैफे या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी. यहाँ तक कि परीक्षार्थियों के परिजनों को भी इस दायरे में आने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के दौरान पुलिस के जवान सेंटर के अंदर और बाहर, दोनों जगह तैनात रहकर मुस्तैदी संभालेंगे.
अत्याधुनिक जैमर्स से इंटरनेट रहेगा ठपपेपर लीक या किसी भी तरह की नकल की गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर कमिश्नरेट के सभी 103 परीक्षा केंद्रों सहित प्रदेश के सभी सेंटर्स पर आधुनिक जैमर लगाए जा चुके हैं. परीक्षा शुरू होते ही इन जैमर्स को एक्टिव कर दिया जाएगा, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास का पूरा क्षेत्र ‘इंटरनेट फ्री’ हो जाएगा और नेटवर्क पूरी तरह से जाम रहेगा. इसके अलावा, पुलिस मॉनिटरिंग रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर हरकत पर तीसरी आंख से नज़र रखेगी.
बैंकों के स्ट्रॉन्ग रूम में थ्री-लेयर सुरक्षा में रखे पेपरपरीक्षा की गोपनीयता और सुचिता बनाए रखने के लिए इस बार बेहद कड़े कदम उठाए गए हैं. प्रश्नपत्रों को एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच जयपुर लाया गया, जहां से उन्हें संबंधित जिलों में भेजकर विभिन्न बैंकों के स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय (थ्री-लेयर) सुरक्षा घेरे में सुरक्षित रखवाया गया है.
पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड परपेपर लीक की किसी भी आशंका को जड़ से खत्म करने के लिए एनटीए ने अलग-अलग बैंकों में प्रश्नपत्रों के अलग-अलग सेट रखवाए हैं. परीक्षा के दिन ही अंतिम समय पर यह तय किया जाएगा कि किस सेट का वितरण केंद्रों पर किया जाना है. राजस्थान में इस महापरीक्षा को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं.
About the AuthorJagriti Dubey
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



