‘डिजिटल दौर में रॉ आवाज लगती है अजीब’, सोनू निगम ने किया स्वीकार, रिकॉर्डिंग में ऑटो-ट्यून का करते हैं इस्तेमाल

Last Updated:August 13, 2026, 11:11 IST
फेमस प्लेबैक सिंगर सोनू निगम ने म्यूजिक इंडस्ट्री में ऑटो-ट्यून के इस्तेमाल पर खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने स्वीकार किया कि आज के डिजिटल दौर में वह भी गानों में जरूरत के मुताबिक इसका इस्तेमाल करते हैं. सोनू के अनुसार, आजकल सब कुछ डिजिटलाइज्ड है, इसलिए बिना ट्रीटमेंट के रॉ-आवाज गानों के साथ थोड़ी अजीब लगती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि एक गायक अपनी 99 फीसदी परफेक्ट गायकी को 100 फीसदी तक ले जाने के लिए इसका सहारा ले सकता है.
ख़बरें फटाफट
सोनू निगम ने ऑटो ट्यून पर खुलकर की बात.
नई दिल्ली. मशहूर सिंगर सोनू निगम अपनी बेमिसाल और सुरीली गायकी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने बॉलीवुड के लगभग हर बड़े सितारे के लिए यादगार गाने गाए हैं, हाल ही में सोनू निगम ने ऑटो-ट्यून पर खुलकर बात करते हुए स्वीकार किया कि वह भी इस तकनीक से पूरी तरह अछूते नहीं हैं. सोनू निगम के मुताबिक, गानों में सही टोन पाने के लिए वह कभी कभी इसका इस्तेमाल करते हैं. उनका मानना है कि आज के डिजिटल दौर में गानों के साथ पूरी तरह रॉ-आवाज थोड़ी अटपटी लगती है.
सोनू निगम ने ट्रेड एक्सपर्ट कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज’ में कहा, ‘ऑटो-ट्यून के दौर ने निश्चित रूप से बहुत सारे बदलाव किए हैं. लोग इसके बारे में बहुत सी बुरी बातें कहते हैं, लेकिन मैं कहता हूं कि जो भी हुआ है, अच्छा हुआ है. पहले बिना ऑटो-ट्यून के गाना पड़ता था. हम खुशकिस्मत हैं कि हमने इसके बिना रियाज किया है और अब हमें इसकी जरूरत नहीं है. फिर भी, मैं कहूंगा कि मैं अपने कुछ गानों में ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल करता हूं. अब सब कुछ ‘440’ (पिच-परफेक्ट) है, पहले सब कुछ लाइव होता था. हमारे पास लाइव सारंगी, लाइव स्ट्रिंग्स होती थीं, इसलिए कहीं न कहीं हमारी पिच का एकदम सही होना जरूरी नहीं था.’
म्यूजिक इंडस्ट्री का डिजिटलाइजेशन
सोनू अपनी जबरदस्त क्लासिकल ट्रेनिंग और शानदार लाइव परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते है. उन्होंने दशकों तक अपनी दिल को छू लेने वाली आवाज और बेमिसाल पिच के साथ म्यूजिक चार्ट्स पर राज किया है. उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री को लाइव ऑर्केस्ट्रा रिकॉर्डिंग के दौर से आधुनिक डिजिटल युग में बदलते देखा है.
एक्टर भी करते हैं ऑटो ट्यून का इस्तेमाल
उन्होंने आगे कहा, ‘अब सब कुछ डिजिटलाइज हो गया है, सब कुछ एक सीधी लाइन में चल रहा है और अगर आपकी आवाज रॉ होगी तो वह अजीब लगेगी. पहले लाइव म्यूजिक के हिसाब से एडजस्ट कर लेते थे, लेकिन अब आपका गाना अलग ही सुनाई देगा. यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन लोगों की आवाज ठीक करने के लिए इन साधनों का इस्तेमाल न करें, जो गा नहीं सकते. आप अपना 99 प्रतिशत देते हैं और ऑटो-ट्यून से उसे 100 प्रतिशत तक ले जाते हैं. कई एक्टर अपने गानों के लिए ऑटो-ट्यून का इस्तेमाल करते हैं और अगर वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं तो यह बिल्कुल ठीक है. लेकिन, वे सिंगर्स की जगह नहीं ले सकते.’
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 13, 2026, 11:10 IST



