Sawaimadhopur News: दीपावली पर पटाखों की धूम, 50% तक बढ़े दाम; 3 करोड़ के कारोबार पर मंडराया संकट

सवाईमाधोपुर. दीपोत्सव का त्योहार हो और आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से रोशन न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है. दीपावली को लेकर बाजारों में रौनक है. शहर में आतिशबाजी की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं और लोग अपनी पसंद के पटाखे खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं. हालांकि, इस बार पटाखों की कीमतों में 30 से 50 फीसदी तक बढ़ोतरी होने के कारण कारोबारियों को बिक्री कमजोर रहने की आशंका है.
जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन की ओर से आतिशबाजी की दुकानों के लिए कुल 97 अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं. इनमें पुराने शहर के भैरव दरवाजा स्थित गोपालजी मंदिर मैदान में 22 और बजरिया क्षेत्र के इंद्रा मैदान में 75 दुकानें लगाई गई हैं. इसके अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में भी आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस जारी किए गए हैं. दोनों स्थानों पर पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है.
5 रुपये से 5 हजार रुपये तक के पटाखे उपलब्ध
आतिशबाजी बाजार में इस बार बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई तरह के पटाखे उपलब्ध हैं, दुकानों पर रोशनी, बुलेट बम, बुम्बा, फुलझड़ियां, रॉकेट, सुतली बम, गंगा-जमुना चकरी, सांप, अनार और हेलिकॉप्टर बम सहित कई तरह की आतिशबाजी सजाई गई है. इसके अलावा 12 शॉट से लेकर 50 और 200 शॉट तक के पटाखे भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. बाजार में 5 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक के पटाखे मिल रहे हैं. इस बार एक साथ कई बार आवाज करने वाले पटाखों की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है.
महंगाई ने बिगाड़ा पटाखा कारोबार का गणित
पटाखा कारोबारियों के अनुसार, इस बार आतिशबाजी पर भी महंगाई का असर साफ नजर आ रहा है. पिछले साल की तुलना में पटाखों की कीमतों में करीब 30 से 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल करीब 3 करोड़ रुपये का पटाखा कारोबार हुआ था, लेकिन इस बार कारोबार उस स्तर तक पहुंचने की उम्मीद कम है. महंगे पटाखों के कारण ग्राहक खरीदारी में कटौती कर रहे हैं. पहले जहां लोग बड़ी मात्रा में आतिशबाजी खरीदते थे, वहीं अब अधिकांश ग्राहक कम कीमत वाले और छोटे पटाखे ही खरीद रहे हैं. कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकी काफी कमजोर है.
सुरक्षा के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम
आतिशबाजी बाजार में किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर गैस सिलेंडर, पानी से भरी बाल्टियां और बजरी की बाल्टियां रखी हैं. वहीं जिला प्रशासन की ओर से दोनों आतिशबाजी बाजारों में दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके.



