क्या SIR पर प्रकाश राज झूठ बोल रहे हैं? वीडियो में दरवाजे पर खड़ा दिखा BLO, चुनाव आयोग ने दिखाया सच

Last Updated:August 12, 2026, 07:02 IST
बेंगलुरु में एसआईआर के दौरान अपना नाम कटने का दावा करने वाले एक्टर प्रकाश राज के आरोपों को चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए एक्टर ने एसआईआर प्रोसेस पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद आयोग ने स्थिति साफ की. चुनाव आयोग के अनुसार, बूथ लेवल ऑफिसर के सत्यापन में पाया गया कि प्रकाश राज पिछले चार सालों से दर्ज पते पर नहीं रह रहे हैं. इसी वजह से नियमों के तहत उनका स्टेटस शिफ्टेड दर्ज किया गया है.
ख़बरें फटाफट
प्रकाश राज के दावे पर चुनाव आयोग ने जारी किया प्रेस नोट.
नई दिल्ली. बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के एक्टर प्रकाश राज अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं. उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि कर्नाटक में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसईआर) के तहत बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से जिन 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनमें वो भी शामिल हैं. अब इस दावे पर बेंगलुरु के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर, जगदीश जी. ने प्रेस नोट जारी करते हुए दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है. प्रकाश राज के दावे को लेकर अब अलग ही कहानी निकलकर सामने आई है.
प्रेस नोट के जरिए प्रकाश राज के वीडियो पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. दरअसल, 11 अगस्त 2026 को सामने आए इस वीडियो में प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि बेंगलुरु का मूल निवासी होने के बावजूद मतदाता सूची के पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है. मामले पर सफाई देते हुए आयोग ने बताया कि 16 जून 2026 को डेटा फ्रिज किए जाने तक प्रकाश राज का नाम 163-शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के पार्ट नंबर 1, क्रमांक 970 पर सक्रिय रूप से दर्ज था.
दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं प्रकाश राज
आयोग के अनुसार, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान पाया गया कि प्रकाश राज अपने दर्ज पते (मकान नंबर 266, गार्डन अपार्टमेंट) को छोड़कर स्थायी रूप से कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं. प्रकाश राज के घर के बाहर से बीएलओ का वीडियो भी जारी किया गया है. पड़ोसियों, बिल्डिंग मैनेजर और फ्लैट के मालिक से फोन पर की गई आधिकारिक पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि वह पिछले चार सालों से उस पते पर नहीं रह रहे हैं और वहां अब किराएदार रहते हैं.
अब क्या है प्रकाश राज का वोटर स्टेटस?
इस आधार पर नियमानुसार एक पंचनामा तैयार किया गया और उनके वोटर स्टेटस को शिफ्टेड दर्ज कर दिया गया. चुनाव आयोग ने साफ किया कि यह पूरी कार्रवाई भारतीय निर्वाचन आयोग के तय वैधानिक नियमों और कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए ही की गई है.
क्या झूठ बोल रहे हैं प्रकाश राज?
इसके अलावा, प्रॉपर्टी मैनेजर ने भी 11 अगस्त 2026 को शाम 5:30 बजे टेलीफोन पर हुई बातचीत में इस बात की दोबारा पुष्टि की थी. इन तथ्यों के सामने आने के बाद मैंने खुद प्रकाश राज से फोन पर बात की. उन्होंने भी इस बात को स्वीकार किया कि वह अब उस पुराने पते पर नहीं रहते हैं, हालांकि वह फिलहाल शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र में ही किसी अन्य पते पर रह रहे हैं. उन्हें बीएलओ के जरिए नए पते के लिए फॉर्म-6 भरने की सलाह दी गई है, ताकि उनकी प्रक्रिया पूरी की जा सके. चुनाव आयोग ने आधिकारिक रूप से यह सूचित किया कि प्रकाश राज के लगाए गए आरोप जांच में तथ्यहीन और गलत पाए गए हैं.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 12, 2026, 07:02 IST



