नेशनल हाईवे पर बेकाबू हुई स्लीपर बस, डिवाइडर लांघकर पलटी, 3 यात्री उछलकर सड़क पर गिरे, हुई मौत

Last Updated:April 16, 2026, 11:46 IST
Kota Bus Accident : कोटा में नेशनल हाईवे-27 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां अहमदाबाद से भिंड जा रही स्लीपर बस पलट गई और तीन यात्रियों की मौत हो गई. हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं. दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य घंटों तक चलता रहा.
ख़बरें फटाफट

Kota Bus Accident
कोटा : राजस्थान के कोटा शहर में नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यह हादसा कोटा बाइपास स्थित हरे कृष्णा मंदिर के पास उस समय हुआ जब अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के भिंड और मुरैना की ओर जा रही एक स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, बस में उस समय करीब 60 यात्री सवार थे. मृतकों में तीन पुरुष शामिल हैं, जिनमें से दो की पहचान नवीन और धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत कोटा के मेडिकल कॉलेज स्थित नए अस्पताल में भर्ती कराया गया. कोटा के आरके पुरम थाना अधिकारी संतोष चंद्रावत ने बताया कि बस दोपहर करीब 12 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी. यह बस रात लगभग 11:15 बजे कोटा बाइपास पर पहुंची, जहां चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया. प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पहले अपनी लेन बदलते हुए एक छोटी पुलिया से टकराई, फिर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गई. इसी दौरान दूसरी दिशा से एक ट्रेलर गुजर रहा था.
कोटा हादसा: ट्रेलर से टकराकर 3 लोगों की हुई मौतट्रेलर चालक ने अचानक बस को सामने देखकर ब्रेक लगाए, जिससे एक बड़ी टक्कर तो टल गई, लेकिन बस के शीशे टूटने से तीन यात्री झटके में सड़क पर गिर गए और ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. नगर निगम की फायर ब्रिगेड और क्रेन को बुलाकर राहत कार्य शुरू किया गया. बस में फंसे यात्रियों को कटर मशीन की मदद से लोहे की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया.
राहत-बचाव जारी, हाईवे पर घंटों लगा जामघायलों को एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम को रात में ही तैनात किया गया ताकि सभी घायलों को समय पर इलाज मिल सके. जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें प्रशासन की ओर से रैन बसेरों में शिफ्ट किया गया. हादसे के कारण नेशनल हाईवे-27 पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. बाद में बड़ी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही, तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी के कारण हुआ.
About the AuthorRupesh Kumar Jaiswal
A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
First Published :
April 16, 2026, 11:26 IST



