IPL mini Auction 350 Players Finalised: आईपीएल मिनी ऑक्शन के लिए 1355 में से 350 खिलाड़ियों को किया गया फाइनल, 25 नए नाम शामिल

Last Updated:December 09, 2025, 09:11 IST
IPL mini Auction 350 Players Finalised: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा. बीसीसीआई ने इसकी फाइनल लिस्ट तैयार कर ली है. ऑक्शन में शामिल होने के लिए 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था जिसमें से 350 खिलाड़ियों को फाइनल किया गया है.
IPL मिनी ऑक्शन के लिए 1355 में से 350 खिलाड़ियों को किया गया फाइनल
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन में शामिल होने के लिए 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. बीसीसीआई की तरफ से नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट को जारी कर दिया गया है. इस बार 350 खिलाड़ी बोली के लिए उतरेंगे. 16 दिसंबर को इसका आयोजन अबू धाबी में किया जाना है. शुरुआती सूची में 1355 खिलाड़ियों के नाम थे, जिसके बाद बीसीसीआई ने 10 फ्रेंचाइजियों से उन खिलाड़ियों के नाम मांगे जिन्हें वे नीलामी में देखना चाहते हैं. चर्चा के बाद सूची को छोटा किया गया और अब 35 नए नाम भी शामिल किए गए हैं.
इस बार के मिनी ऑक्शन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में 35 नए नाम शामिल हैं. लिस्ट में 23 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी हैं. इनमें दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक भी शामिल हैं. Cricbuzz के मुताबिक, विकेटकीपर-बल्लेबाज डिकॉक एक आईपीएल फ्रेंचाइजी की सिफारिश के बाद अंतिम सूची में जगह बनाने में सफल रहे. बीसीसीआई ने सोमवार रात फ्रेंचाइजियों को भेजे मेल में लिखा, “नीलामी में 350 खिलाड़ी होंगे और यह मंगलवार, 16 दिसंबर को यूएई समयानुसार दोपहर 1 बजे (भारतीय समयानुसार 2:30 बजे) एतिहाद एरीना, अबू धाबी में शुरू होगी.”
डिकॉक ने इस बार अपना बेस प्राइस आधा कर दिया है और वे 1 करोड़ रुपये की श्रेणी में शामिल होंगे. पिछले साल मेगा नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. वे उन 9 खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें केकेआर ने पिछले महीने रिलीज किया था. नीलामी भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी और सबसे पहले कैप्ड खिलाड़ियों की बोली लगेगी. accelerated राउंड खिलाड़ी नंबर 70 (वहीदुल्लाह जादरान) के बाद शुरू होगा.
बीसीसीआई ने कहा, “पहला accelerated राउंड 71 से 350 तक के सभी खिलाड़ियों को कवर करेगा. इन खिलाड़ियों बोली लगने के बाद, फ्रेंचाइजियों से अनुरोध किया जाएगा कि वे 350 की पूरी लिस्ट में से (जिनके नाम नहीं लिए गए या बिके नहीं हैं) खिलाड़ियों के नाम आगे की accelerated के लिए दें.”
नए नामों में चार श्रीलंकाई खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनमें डुनिथ वेल्लालगे, ट्रावीन मैथ्यू, बिनुरा फर्नांडो और कुसल परेरा हैं. तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर सबसे बड़ी रकम 64.3 करोड़ रुपये के साथ नीलामी में उतरेगी, उसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (43.4 करोड़) और सनराइजर्स हैदराबाद (25.5 करोड़ रुपये) का नंबर है. कुल 77 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिनमें से 31 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं.
About the AuthorViplove Kumar
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
December 09, 2025, 09:11 IST
homecricket
25 नए नाम, IPL मिनी ऑक्शन से पहले 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों की छटनी



