स्टार कपल की 1 नाम से बनी दो फिल्में, पहले नंबर वाली 90s में रही सुपरहिट, हिट के लिए तरस गई थी पत्नी की मूवी

Last Updated:May 04, 2026, 11:12 IST
फिल्मी गलियारों में एक ही नाम की दो अलग-अलग फिल्में आना आम है, लेकिन जब पति-पत्नी एक ही टाइटल वाली फिल्मों में लीड भूमिका निभाएं, तो तुलना लाजिमी है. 90 के दशक में पति की एक्शन-रोमांस फिल्म ने पर्दे पर धमाका कर दिया था और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही. वहीं सालों बाद, उसी मशहूर टाइटल के साथ बड़े पर्दे पर लौटीं उनकी पत्नी की फिल्म वैसी कामयाबी नहीं दोहरा सकी.
नई दिल्ली. बॉलीवुड इंडस्ट्री में अब तक एक ही टाइटल पर कई फिल्में बन चुकी हैं. लेकिन एक ही नाम की दो अलग-अलग फिल्मों में पति-पत्नी का लीड रोल होना कम ही देखा जाता है. हम बात कर रहे हैं फिल्म दिलवाले की. साल 1994 में जब अजय देवगन इस नाम की फिल्म लेकर आए, तो उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए.
मगर सालों बाद इसी नाम से बनी फिल्म में उनकी पत्नी काजोल नजर आईं. संयोग ऐसा कि जहां पति की फिल्म सुपरहिट रही, वहीं पत्नी की फिल्म बड़े सितारों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर खरी नहीं उतर पाई. जबकि अजय देवगन की ‘दिलवाले’ ने लागत से कई गुना कमाई करते हुए इतिहास रच दिया था.
साल 1994 में निर्देशक हैरी बावेजा एक्शन-रोमांस ड्रामा लेकर आए, जिसका नाम था ‘दिलवाले’. इस फिल्म में अजय देवगन के साथ सुनील शेट्टी और रवीना टंडन लीड भूमिकाओं में थे. फिल्म की कहानी, अजय देवगन की इंटेंस एक्टिंग और नदीम-श्रवण का संगीत सब कुछ सटीक बैठा. उस दौर में ‘दिलवाले’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज था.
Add as Preferred Source on Google
महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, फिल्म ने वर्ल्डवाइड लगभग 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. साल 1994 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में अजय देवगन की ‘दिलवाले’ टॉप पर थी. फिल्म के गाने जैसे ‘कितना हसीन चेहरा’, ‘सातों जनम मैं तेरे’, ‘एक ऐसी लड़की’ और ‘जीता था जिसके लिए’ आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं.
करीब 21 साल बाद साल 2015 में मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने भी दिलवाले नाम से बड़ी फिल्म बनाई. इस मूवी की सबसे बड़ी यूएसपी शाहरुख खान और काजोल की आइकॉनिक जोड़ी की वापसी थी. साथ में वरुण धवन और कृति सेनन जैसे युवा सितारे भी थे. उम्मीद थी कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी, लेकिन नतीजा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा.
इस फिल्म का बजट बहुत बड़ा था, करीब 165 करोड़ रुपये. फिल्म ने घरेलू बाजार में लगभग 148 करोड़ रुपये की कमाई की. हालांकि, विदेशों में शाहरुख खान की लोकप्रियता की वजह से फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 370 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया, लेकिन भारत में इसे वह प्यार नहीं मिला, जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
भारी-भरकम बजट और डिस्ट्रिब्यूशन कॉस्ट की वजह से भारत में काजोल और शाहरुख खान की फिल्म का वर्डिक्ट औसत रहा. क्रिटिक्स और दर्शकों ने फिल्म की कहानी को कमजोर बताया और यह फिल्म सुपरहिट होने का गौरव हासिल नहीं कर सकी.
दिलचस्प बात यह है कि जहां अजय देवगन की ‘दिलवाले’ ने अपनी लागत से 6 गुना ज्यादा मुनाफा कमाया और एक कल्ट फिल्म बन गई, वहीं काजोल की ‘दिलवाले’ शाहरुख खान और रोहित शेट्टी जैसे दिग्गजों के होने के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर वह जादू नहीं चला पाई.



