149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा… 401 रन की साझेदारी का बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, महारिकॉर्ड का टूटना मुश्किल

नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के लंबे और गौरवशाली इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है. नॉर्थ साउंड में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने वो कर दिखाया जो इससे पहले क्रिकेट जगत में कोई नहीं कर सका था. युवा सनसनी आमेर जांगू और कप्तान रोस्टन चेस ने मिलकर छठे विकेट के लिए 401 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की. 602 गेंदों में बुनी गई इस महा-साझेदारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि टेस्ट क्रिकेट इतिहास में छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
अपना महज दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे आमिर जांगू (Aamer Jangoo) ने किसी अनुभवी दिग्गज की तरह बल्लेबाजी करते हुए 373 गेंदों में 233 रनों की जादुई पारी खेली. वहीं, दूसरी छोर पर कप्तान रोस्टन चेस (Roston Chase) ने मोर्चे को संभाले रखा और 155 ओवरों का खेल खत्म होने तक 184 रन बनाकर नाबाद रहे. इन दोनों की बदौलत क्रिकेट इतिहास में पहली बार छठे विकेट के लिए 400 या उससे अधिक रनों की पार्टनरशिप देखने को मिली.
आमिर जांगू और रोस्टन चेज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
ध्वस्त हुआ बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो का रिकॉर्डआमिर जांगू और चेस की इस जोड़ी ने इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाजों जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. जनवरी 2016 में केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर बेयरस्टो और स्टोक्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छठे विकेट के लिए 399 रनों की विस्फोटक साझेदारी की थी. इतने सालों तक कोई भी जोड़ी इस आंकड़े के करीब नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन वेस्टइंडीज के इन दोनों रणबांकुरों ने 401 रन जोड़कर नया इतिहास लिख दिया.
यदि छठे विकेट या उससे नीचे की सर्वश्रेष्ठ साझेदारियों पर नजर डालें, तो इस सूची में न्यूजीलैंड के बीजे वाटलिंग और केन विलियमसन का नाम भी आता है, जिन्होंने साल 2015 में वेलिंगटन में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 365 रन जोड़े थे. इसके अलावा साल 2014 में ब्रेंडन मैकुलम और बीजे वाटलिंग ने भारत के खिलाफ 352 रनों की पारी खेली थी, जबकि श्रीलंका के महेला जयवर्धने और प्रसन्ना जयवर्धने ने साल 2009 में अहमदाबाद के मैदान पर भारत के खिलाफ ही 351 रनों की साझेदारी की थी. लेकिन जांगू और चेस का 401 रनों का यह आंकड़ा अब इन सब से मीलों आगे निकल चुका है.
वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा धमाकायह साझेदारी सिर्फ छठे विकेट के लिए ही नहीं, बल्कि वेस्टइंडीज क्रिकेट के ओवरऑल इतिहास में भी एक मील का पत्थर बन गई है. वेस्टइंडीज के लिए टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. कैरिबियन इतिहास का सर्वकालिक रिकॉर्ड आज भी कॉनराड हंटे और महान गैरी सोबर्स के नाम है, जिन्होंने फरवरी-मार्च 1958 में किंग्स्टन में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 446 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा किया था.
जांगू और चेस की जोड़ी ने गैरी सोबर्स और फ्रैंक वोरेल के 399 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने 1960 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिजटाउन में बनाया था. इस सूची में डेनिस एटकिंसन और क्लेरमोंट डेपेइजा की सातवें विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1955 में बनाई गई 347 रनों की साझेदारी चौथे स्थान पर और एवर्टन वीक्स व फ्रैंक वोरेल की 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाई गई 338 रनों की साझेदारी पांचवें स्थान पर आ गई है.
श्रीलंका के खिलाफ रनों की दूसरी सबसे बड़ी बौछारश्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ भी यह टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई है. श्रीलंका के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन क्रो और एंड्रयू जोन्स के नाम है, जिन्होंने जनवरी-फरवरी 1991 में वेलिंगटन में तीसरे विकेट के लिए 467 रनों की विशाल पारी खेली थी. आमिर जांगू और रोस्टन चेस ने 401 रन बनाकर पाकिस्तान के जावेद मियांदाद और कासिम उमर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1985 में फैसलाबाद में तीसरे विकेट के लिए 397 रन बनाए थे. इस मामले में भी केन विलियमसन की बीजे वाटलिंग (नाबाद 365 रन, 2015) और हेनरी निकोल्स (363 रन, 2023) के साथ की गई साझेदारियां अब इस नई कैरिबियन जोड़ी से पीछे छूट चुकी हैं.
हर विकेट के सर्वश्रेष्ठ कीर्तिमानों में मिली जगहयदि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में हर विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों की बात करें, तो कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने की जोड़ी 624 रनों (तीसरे विकेट के लिए, खिलाफ दक्षिण अफ्रीका, 2006) के साथ दुनिया में सबसे ऊपर है। पहले विकेट के लिए ग्रीम स्मिथ और नील मैककेंजी के नाम 415 रन हैं, तो दूसरे विकेट के लिए सनथ जयसूर्या और रोशन महानामा ने भारत के खिलाफ 576 रन जोड़े थे. चौथे विकेट के लिए हाल ही में हैरी ब्रुक और जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ 454 रनों का कीर्तिमान रचा था, जबकि पांचवें विकेट के लिए सिड बार्न्स और डॉन ब्रैडमैन के नाम 1946 से 405 रनों का रिकॉर्ड दर्ज है. अब छठे विकेट के कॉलम में आमिर जांगू और रोस्टन चेस का नाम 401 रनों के साथ हमेशा के लिए अमर हो गया है.
इसके बाद के निचले क्रम के रिकॉर्ड्स में सातवें विकेट के लिए डेनिस एटकिंसन और क्लेरमोंट डेपेइजा (347 रन), आठवें विकेट के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड और जोनाथन ट्रॉट (332 रन), नौवें विकेट के लिए मार्क बाउचर और पैट सिमकॉक्स (195 रन) तथा दसवें विकेट के लिए जेम्स एंडरसन और जो रूट (198 रन) का नाम आता है.
आमिर जांगू का व्यक्तिगत महारिकॉर्डइस ऐतिहासिक साझेदारी के बीच युवा आमिर जांगू ने एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। उनकी 233 रनों की यह मैराथन पारी अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में किसी भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई है. महज अपने दूसरे टेस्ट मैच में ऐसा कारनामा करना यह दर्शाता है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट का भविष्य बेहद सुरक्षित हाथों में है. जांगू और कप्तान चेस की इस बेमिसाल जुगलबंदी ने पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया.



