उदयपुर के कारीगर ने बनाया दुनिया का सबसे छोटा गोल्ड टेबल टेनिस सेट, चने जितना आकार का, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

उदयपुर के कारीगर ने बनाया सबसे छोटा गोल्ड टेबल टेनिस सेट, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
Smallest Gold Table Tennis Set : झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर अपनी अनोखी कला और हुनर के कारण सुर्खियों में है. शहर के प्रसिद्ध स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा. उन्होंने विश्व टेबल टेनिस दिवस के 100 साल पूरे होने के मौके पर दुनिया का सबसे छोटा सोने का टेबल टेनिस सेट तैयार किया है. यह सेट इतना छोटा है कि इसे देखने के लिए लेंस की जरूरत पड़ती है. चने की दाल जितने आकार के इस सेट में बेहद बारीकी से टेबल, नेट, रैकेट और गेंद बनाई गई है. महज 200 मिलीग्राम वजन वाले इस सेट को बनाने में उन्हें 56 घंटे का समय लगा. इस अनोखी उपलब्धि के साथ उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है और भारत की कला को वैश्विक मंच पर नई पहचान देने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है.




