Gas Geyser Safety Tips: Beware of Carbon Monoxide Danger in Winter

Last Updated:December 19, 2025, 07:33 IST
Gas Geyser Safety Tips: सर्दियों में गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जानलेवा साबित हो सकती है. यह गैस ऑक्सीजन कम कर हृदय और मस्तिष्क को प्रभावित करती है. सावधानी के तौर पर बाथरूम में वेंटिलेशन रखें और नहाने से पहले गीजर बंद करने की आदत डालें.
सर्दियों के मौसम में ठंड से राहत पाने के लिए गर्म पानी की जरूरत हर घर में बढ़ जाती है. बदलती लाइफस्टाइल और सुविधाओं की चाहत के कारण आज लगभग हर घर के बाथरूम में गीजर का इस्तेमाल एक आम बात हो गई है.

खासकर गैस गीजर कम समय में ज्यादा गर्म पानी देने की क्षमता के कारण काफी लोकप्रिय हैं. लोग इन्हें इनकी तेजी और कम खर्च की वजह से पसंद करते हैं. हालांकि, यह सुविधा अपने साथ कुछ बड़े जोखिम भी लेकर आती है जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. सर्दियों में बंद बाथरूम के भीतर गैस गीजर का गलत इस्तेमाल सेहत के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इसे चलाते समय पूरी सावधानी बरतना बहुत जरूरी है.

विशेषज्ञों का कहना है कि गैस गीजर के साथ सबसे बड़ा जोखिम बाथरूम में ऑक्सीजन की कमी होना है. जब किसी छोटे या पूरी तरह बंद बाथरूम में गैस गीजर चलता है और वहां वेंटिलेशन (हवा के आने-जाने) की सही व्यवस्था नहीं होती, तो कमरे के अंदर ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिरने लगता है. यह स्थिति वहां मौजूद व्यक्ति के लिए काफी खतरनाक हो सकती है.
Add as Preferred Source on Google

गैस जलने की इस प्रक्रिया के दौरान कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी अत्यंत जहरीली गैस पैदा होती है. इस गैस की सबसे खतरनाक बात यह है कि इसकी न तो कोई गंध होती है और न ही कोई रंग, जिससे वहां मौजूद व्यक्ति को खतरे का जरा भी एहसास नहीं होता. यह गैस सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सीधे दिमाग और दिल पर हमला करती है, जो जानलेवा साबित हो सकता है.

सर्दियों में ठंड से बचने के चक्कर में लोग अक्सर बाथरूम के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद कर लेते हैं, जो खतरे को कई गुना बढ़ा देता है. ऐसे बंद माहौल में ज्यादा देर रहने से चक्कर आना, घबराहट, सांस लेने में तकलीफ, बेचैनी और अचानक कमजोरी महसूस होने लगती है. सबसे डरावनी बात यह है कि कई बार व्यक्ति को यह समझ ही नहीं आता कि उसकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ रही है और वह बेहोश हो सकता है.

यदि आप गैस गीजर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सबसे पहली और जरूरी सावधानी यह है कि बाथरूम में वेंटिलेशन का पूरा इंतजाम हो. वहां खिड़की, रोशनदान या एग्जॉस्ट फैन होना अनिवार्य है ताकि ताजी हवा आती रहे और जहरीली गैस बाहर निकल सके. छोटे और पूरी तरह बंद बाथरूम में गैस गीजर लगाने से हर हाल में बचना चाहिए. सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि गीजर को बाथरूम के बाहर किसी खुली जगह पर लगवाएं और पाइप के जरिए गर्म पानी अंदर लाएं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 19, 2025, 07:33 IST
homelifestyle
सावधान बाथरूम में लगे गैस गीजर से हो सकता है हार्ट अटैक! ठंड में नहाते वक्त…



