Crocodile In School: तालाब में पानी सूखा तो स्कूल के मैदान में पहुंचा मगरमच्छ, वन विभाग ने जवाई बांध में छोड़ा

Last Updated:October 06, 2026, 13:09 IST
Crocodile In School: पाली के दुदनी गांव में सरकारी स्कूल के खेल मैदान में करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ पहुंचने से हड़कंप मच गया. सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर जवाई बांध में छोड़ दिया.सरकारी स्कूल में मगरमच्छ
पाली. जिले के बाली उपखंड क्षेत्र के दुदनी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी स्कूल के खेल मैदान में करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ पहुंच गया. स्कूल परिसर में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और स्कूल से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग के कार्मिकों को दी, सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की.
जानकारी के अनुसार, दुदनी गांव स्थित सरकारी स्कूल के खेल मैदान के पास बने तालाब में पानी कम होने के कारण मगरमच्छ बाहर निकल आया. पानी की तलाश में वह तालाब से निकलकर स्कूल के खेल मैदान तक पहुंच गया. सुबह के समय स्कूल परिसर के आसपास मगरमच्छ को देखकर लोगों के होश उड़ गए. करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने किसी तरह मगरमच्छ से दूरी बनाए रखी और इसकी सूचना वन विभाग को दी. ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ के स्कूल परिसर में पहुंचने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी. हालांकि समय रहते वन विभाग को सूचना दे दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलने पर वन विभाग के कार्मिक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इस दौरान टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को काबू में लेने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया. रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी वन विभाग की टीम का सहयोग किया. मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली.
जवाई बांध में छोड़ा गया मगरमच्छ
वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जवाई बांध में छोड़ दिया. वन विभाग की कार्रवाई के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में वापस पहुंचा दिया. बताया जा रहा है कि स्कूल के खेल मैदान के पास स्थित तालाब में पानी खाली होने के कारण मगरमच्छ वहां से निकलकर स्कूल परिसर की ओर पहुंच गया था. घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरतने की बात कही है. राहत की बात यह रही कि मगरमच्छ के स्कूल मैदान में पहुंचने के बावजूद किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Pali,Pali,Rajasthan
First Published :
October 06, 2026, 13:09 IST



