Fire Incidents: जोधपुर से झुंझुनूं तक जलता रहा राजस्थान, दीपावली पर लगी आग ने किया लाखों का नुकसान

Last Updated:October 21, 2025, 07:14 IST
Rajasthan Fire Incident: दीपावली की रात राजस्थान के कई जिलों में आग की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया. पटाखों की चिंगारियों और शॉर्ट सर्किट के कारण जोधपुर, भिवाड़ी, अलवर और झुंझुनूं में आग लगने से करीब 20 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ. जोधपुर की फ्रूट मंडी में लगी आग ने 10 दुकानों को नुकसान पहुंचाया, जबकि अलवर के अंसल टाउन और नवलगढ़ के डिपार्टमेंटल स्टोर में भीषण आग से पूरा सामान जलकर राख हो गया.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान के कई जिलों में आगलगी की घटना से लाखों का नुकसान
जयपुर. दीपावली के उत्सव की चमक-दमक के बीच राजस्थान के विभिन्न जिलों में आगलगी की घटनाओं ने बड़ा नुकसान कर दिया. पटाखों की चिंगारियों और शॉर्ट सर्किट जैसी वजहों से लगी आग ने दुकानों, मंडियों और आवासीय इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया. जोधपुर की फ्रूट मंडी से लेकर भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र, अलवर के अंसल टाउन और झुंझुनूं के नवलगढ़ तक फैली इन घटनाओं में करीब 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है.
अग्निश्मन विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया, लेकिन ये हादसे त्योहार की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं. दीपावली की रात फ्रूट मंडी में लगी भयंकर आग ने बाजार को हिला दिया. सम्भवतः पटाखे की चिंगारी से मंडी में रखे सूखे कचरे में आग भड़क उठी, जो तेजी से फैल गई. आग की चपेट में करीब 10 दुकानें आ गई, जिनमें फल-सब्जी के ढेर और सामान जलकर राख हो गए. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
प्लास्टिक के कैरेट से भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानों के बाहर रखे प्लास्टिक के कैरेट में लगी आग ने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया था. बड़ी बात रही कि कोई हादसा नहीं हुआ, लेकिन व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा. वहीं भिवाड़ी के खहरानी औद्योगिक क्षेत्र में दीपावली की रात सेंड गोविन कंपनी के सामने कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हालांकि माना जा रहा है कि पटाखों की चिंगारी से यह हादसा हुआ है. औद्योगिक क्षेत्र होने से आस-पास के कारखानों को खतरा महसूस हुआ, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया.
डिपार्टमेंटल स्टोर का सारा स्टॉक जलकर खाक
अलवर के सदर थाना क्षेत्र के अंसल टाउन में दीपावली की रात एक मकान की पोर्च के सीलिंग में आग लगने से हड़कंप मच गया. स्थानीय निवासी सुभाष बेनीवाल ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने फौरन कार्रवाई करते हुए आग को आगे फ्लैट में फैलने से रोक दिया और पूरी तरह बुझा दिया. शॉर्ट सर्किट या पटाखों की चिंगारी जिम्मेदार हो सकती है. वहीं नवलगढ़ के घूमचक्कर क्षेत्र में अनुष्का डिपार्टमेंटल स्टोर में लगी भीषण आग ने व्यापार को झटका दे दिया. शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने दुकान के सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ. दुकान मालिक ने बताया कि दीपावली की रात दुकान बंद करने के बाद यह हादसा हुआ. स्टोर का पूरा स्टॉक जलकर राख हो गया.
deep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट… और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 21, 2025, 07:14 IST
homerajasthan
राजस्थान में त्योहार की रात उठी आग की लपटें, 20 लाख से अधिक का माल जलकर खाक



