Explainer: होर्मुज में ईरान और अमेरिका जहाजों को जब्त कर रहे, इनका फिर क्या होता है

इन दिनों होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे खतरनाक समुद्री रास्ते में बदल चुका है. अगर ईरान ने इसे बंद किया हुआ है तो अमेरिका ने भी इसकी नाकाबंदी की हुई है. दोनों ही देश दूसरे देशों के कई जहाजों, टैकर्स को जब्त कर चुके हैं. रोज ही वहां किसी ना किसी जहाज के जब्त होने की खबर आती है. इन जहाजों को जब्त करके क्या किया जाता है. फिर जहाज पर तैनात जहाजियों के स्टाफ का क्या होता है.
ताजातरीन खबरें कहती हैं कि अमेरिका ने ईरान के दो तेल टैंकर्स को जब्त कर लिया है तो ईरान ने भी कम से कम दो से तीन जहाजों को जब्त किया हुआ है. हालांकि दोनों ही देशों ने कई जहाजों को इंटरसेप्ट करके वापस भेजा है. जब कोई जहाज रोका या कब्जे में लिया जाता है, तो आमतौर पर ये कदम होते हैं:
जब कोई जहाज रोका जाता है या जब्त किया जाता है तो क्या होता है
– जहाज को कई छोटी नौकाओं द्वारा घेर कर बंदरगाह की ओर ले जाया जाता है. उसको अक्सर देश के बंदरगाह पर खड़ा कर दिया जाता है. मसलन ईरान जो जहाज जब्त कर रहा है, उसको अपने बंदर अब्बास बंदरगाह पर ले जाकर खड़ा कर रहा है. वहां उस जहाज या टैंकर को कानूनी हिरासत में रखा जाता है. जहाज के कागज़ात, कार्गो और क्रू की जांच होती है.
जहाज पर लदे सामान या तेल का क्या होता है
– तेल या माल को कभी-कभी जब्त कर लिया जाता है. कई मामलों में वही तेल बेचकर सरकार पैसा भी बना लेती है. जहाज “बातचीत का औजार” बन जाता है. जहाज और उसका क्रू अक्सर कूटनीतिक दबाव का हिस्सा बन जाते हैं.
जहाज समुद्र में जब्त होकर खड़े हों तो कैसे चलते हैं?
– हर बार जहाज बंदरगाह नहीं ले जाए जाते – कभी-कभी समुद्र में ही रोके जाते हैं. ऐसी स्थिति में उनका मुख्य इंजन बंद कर दिया जाता है. छोटे वो इंजन चालू रखे जाते हैं, जिससे जहाज के बिजली और दूसरे जहाज के आपरेशंस को चलाने वाले सिस्टम चलते रहें. चूंकि जहाज पर जहाज का स्टाफ रहता है और एक बड़ा जहाज तो खुद में एक छोटा शहर होता है. इसलिए पानी, खाना, एसी, बिजली कई सिस्टम चलते रहते हैं और इनको चलाने वाले छोटे इंजन भी.
जब्त जहाज के ईंधन और सप्लाई की व्यवस्था कैसे चलती रहती है
– वैसे तो किसी भी जहाज पर खाने पीने की महीने भर की व्यवस्था तो कम से कम होती ही है. अगर जहाज को लंबे समय तक जब्त रखा जा रहा है तो सप्लाई बोट्स भेजी जाती हैं, जो खाना, पानी, दवाइयां और ईंधन पहुंचाते हैं. कभी कभी इससे ताजा खाना भी भेजा जाता है.
जब्त जहाज के क्रू यानि जहाजी स्टाफ कैसे रहते हैं
– उन्हें सीमित आज़ादी दी जाती है. अपने जहाज पर तो वो आराम से घूम फिर और रह सकते हैं लेकिन उन्हें जहाज से उतरने नहीं दिया जाता. कई बार उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिये जाते हैं. लेकिन अगर जहाज लंबे फंस जाते हैं तो जहाजियों में तनाव, अनिश्चितता और डर बढ़ता है.
अंतरराष्ट्रीय कानून क्या कहता है?
– ऐसे मामले अक्सर संयुक्त राष्ट्र संघ समुद्री कानून के तहत आते हैं. किसी भी जहाज को रोकने के पर्याप्त ठोस कानूनी कारण होना चाहिए. हालांकि होर्मुज जैसे संवेदनशील इलाकों में अक्सर इसे दरकिनार कर दिया जाता है. 2019 से 2023 के बीच ईरान ने कई तेल टैंकर जब्त किए. अमेरिका और उसके सहयोगियों ने भी कुछ जहाजों को रोका.
अमेरिका किन जहाजों को पकड़ रहा है?
– अमेरिका ईरान के झंडे वाले जहाजों, कार्गो शिप को पकड़ रहा है, खासकर वो जहाज जो उसकी नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. अमेरिकी नेवी उन्हें अपने कब्जे में ले रहे हैं.
अमेरिका पकड़े गए जहाजों को कहां ले जाता है
– ज्यादातर जहाजों को “वापस भेज दिया जाता है. आदेश दिया जाता है कि मुड़ जाओ या रास्ता बदलो. कुछ जहाजों को दूसरी जगह ले जाया जाता है. उन पर कब्जा तो नहीं करते लेकिन कब्जे में रखते हैं. गंभीर मामलों में जहाज जब्त कर लिया जाता है. उनके इंजन को बंद करके यूएस मरींस कब्जा कर लेते हैं. ऐसे जहाज या तो समुद्र में ही रोके जाते हैं या अमेरिकी सैन्य नियंत्रण में रखे जाते हैं. इन जहाजों को पास के समुद्री इलाके में ही रखा जाता है.
दुनिया में कौन सा जहाज लंबे समय तक जब्त रहा
सबसे लंबा फंसा रहा जहाज एमवी रोसस रहा. ये जहाज 2013 में बेरुत पोर्ट पर रोक लिया गया. जहाज में 2750 टन अमोनियम नाइट्रेट लदा हुआ था. ये जहाज सात सालों तक वहीं फंसा रहा. आखिर में ये जहाज सड़कर बेकार हो गया. इसके अलावा जहाजों के जब्त होने का रिकॉर्ड कुछ महिनों का ही रहा है.



