ग्रैंड वेडिंग का शाही समापन! जगमगाया जग मंदिर, जेनिफर लोपेज की परफॉर्मेंस, ट्रम्प जूनियर और रामचरण रहे गवाह

Last Updated:November 24, 2025, 10:17 IST
उदयपुर तीन दिनों तक एक रॉयल डेस्टिनेशन वेडिंग की भव्यता में डूबा रहा, जहां अमेरिकी अरबपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और वामसी गडिराजू हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंधे. जग मंदिर पैलेस में हुई सात फेरे की रस्म के बाद जनाना महल में हुआ ग्रैंड रिसेप्शन हॉलीवुड-बॉलीवुड की चमक से भर गया. जेनिफर लोपेज, ब्लैक कॉफी जैसे इंटरनेशनल कलाकारों के धमाकेदार परफॉर्मेंस ने मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया.समारोह में ट्रम्प जूनियर, रामचरण और मेवाड़ राजपरिवार सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं.
उदयपुर. झीलों की नगरी उदयपुर पिछले तीन दिनों से रॉयल वेडिंग की भव्यता में रंगी रही. अमेरिकी अरबपति बिजनेसमैन रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना (एलिज़ाबेथ) और अमेरिकी मूल के वामसी गडिराजू रविवार को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे. जग मंदिर पैलेस में सुबह 9 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक विवाह समारोह चला, जिसमें दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लेकर जीवन भर साथ निभाने की शपथ ली. एक-दूसरे को वरमाला पहनाने के बाद देसी व विदेशी मेहमानों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाओं से नवाजा.
दोपहर से शाम तक चलने वाली रस्मों से पहले रविवार सुबह अलग-अलग दक्षिण भारतीय परंपराओं के अनुसार फतेह प्रकाश पैलेस में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए. विवाह स्थल को दक्षिण भारत के सफेद फूलों से सजाया गया था. इस डेकोरेशन के लिए 50 से अधिक कारीगरों ने दो दिन तक मेहनत की. शादी में शामिल होने के लिए मेहमान बड़ी पाल जेटी से नौकाओं के जरिए पिछोला झील पर स्थित जग मंदिर पहुंचे. पुष्पवर्षा के बीच मेहमानों की भव्य अगवानी की गई. दूल्हा-दुल्हन की ग्रैंड एंट्री के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल रोमांचकारी हो गया. एक घंटे तक सेल्फी और फोटो शूट का सिलसिला चलता रहा.
हॉलीवुड-बॉलीवुड के रंग में रंगा नज़र आयाग्रैंड रिसेप्शन
रात 9:15 बजे जनाना महल में हुआ ग्रैंड रिसेप्शन पूरी तरह से हॉलीवुड-बॉलीवुड के रंग में रंगा नज़र आया. ड्रेस कोड ब्लैक थीम होने से पूरा आयोजन हाई-फैशन और इंटरनेशनल लुक में दिखाई दिया. समारोह में मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ व पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़, एडीजी दिनेश एमएन सहित कई जाने-माने मेहमान शामिल हुए. रिसेप्शन की शुरुआत विदेशी कलाकारों के धमाकेदार परफॉर्मेंस से हुई, इसके बाद मंच संभाला दक्षिण अफ्रीका के फेमस डीजे ब्लैक कॉफी ने. उनके सुपरहिट ट्रैक्स ड्राइव, टर्न मी ऑन, रेडी फॉर यू पर मेहमान देर तक थिरकते रहे. इसके तुरंत बाद मंच पर उतरीं अमेरिकी सुपरस्टार जेनिफर लोपेज. उनके हिट सॉन्ग ऑन द फ्लोर, लेट्स गेट लाउड, एंट योर मामा पर जोश और ग्लैमर का संगम देखने को मिला. सर्द मौसम के बीच जेलो की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने महफिल में गर्माहट भर दी.
पारंपरिक परिधान में नजर आए ट्रम्प जूनियर
दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के सुपरस्टार रामचरण भी शादी में शामिल हुए. उन्होंने कोई प्रस्तुति नहीं दी, लेकिन परिवार के करीबी संबंधों के चलते समारोह का हिस्सा बने. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे ट्रम्प जूनियर पारंपरिक क्रीम कलर जोधपुरी सूट में देसी स्टाइल में नजर आए. उनकी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन भी लाइट ब्ल्यू लहंगे में आकर्षण का केंद्र रहीं. कपल ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देते हुए कहा “गॉड ब्लेस यू बोथ एंड हेव ए हैप्पी लाइफ. ग्रैंड रिसेप्शन के अंत में भारतीय कलाकार डीजे गणेश ने अपने सिग्नेचर बीट्स इंडिया क्लब मिक्स, देसी पार्टी सेट और बॉलीवुड इलेक्ट्रिक ब्लेंड से महफिल का जुनून चरम पर पहुंचा दिया.
देर रात तक मेहमान संगीत और डांस का लुत्फ उठाते रहे. उदयपुर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह शहर रॉयल वेडिंग्स के लिए दुनिया का सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन है. शाही सजावट, झीलों की खूबसूरती, परंपरागत और इंटरनेशनल म्यूजिक, सितारों की मौजूदगी और भव्य आयोजन लंबे समय तक यादगार बने रहेंगे.
deep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट… और पढ़ें
Location :
Udaipur,Rajasthan
First Published :
November 24, 2025, 10:17 IST
homerajasthan
झीलों के शहर में ग्रैंड वेडिंग! जेलो की धूम, ट्रम्प जूनियर–रामचरण बने गवाह



