गोविंद सिंह डोटासरा बनाम किरोड़ीलाल मीणा में घमासान बढ़ा, जानें इसके पीछे की वजह, क्यों गरमायी सियासत?

Last Updated:June 25, 2026, 13:50 IST
Govind Singh Dotasra Vs Kirodi Lal Meena : राजस्थान की राजनीति में इन दिनों एक नया तरह का घमासान मचा हुआ है. यह घमासान राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और भजनलाल सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के बीच मच रहा है. इस घमासान में दोनों की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं. यह जंग दिन प्रतिदिन तेज होती जा रही है.गोविंद सिंह डोटासरा और किरोड़ीलाल मीणा दोनों एक दूसरे पर हमलावर हो रखे हैं.
जयपुर. राजस्थान की राजनीति में इन दिनों पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और सूबे के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के बीच चल रही राजनीतिक जंग अब जोर पकड़ गई है. दोनों नेता एक दूसरे पर जबर्दस्त तरीके से हमलावर हो रखे हैं. इससे राजस्थान का सियासी पारा गरमाया हुआ है. डोटासरा और मीणा दोनों ही नेता अपनी बेबाकी की लिए पहचाने जाते हैं और इस बार ये दोनों ही आमने सामने हो रखे हैं. हाल ही में मीणा ने डोटासरा पर उनके रिश्तेदारों के सरकारी नौकरी में चयन के मामले में ओबीसी प्रमाण-पत्र को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे.
उसके बाद डोटासरा भी खुलकर मैदान में आ गए और उन्होंने बुधवार को राजस्थान पीसीसी के कार्यालय में मीणा को कई मुद्दों पर लपेट लिया. डोटासरा ने पीसीसी में आयोजित कार्यक्रम और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेस करके मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और समूची भजनलाल सरकार को घेर लिया. आरोपों से गुस्साए डोटासरा ने यह तक कह डाला कि ‘किसी को इतना भी मत छेड़ो कि तुम्हारा बुढ़ापा ही खराब हो जाए’. डोटासरा ने दावा कि कि ये वही किरोड़ीलाल मीणा है जो अपने ऊपर लगे मुकदमों को हटाने के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में तत्कालीन सीएम अशोक गहलोत के पैरों में बैठ गए थे. इस दौरान तैश में आए डोटासरा ने मीणा और भी कई गंभीर आरोप लगाए.



