UncategorizedjaipurRajasthan

विशेष स्वच्छता मिशन के तहत शहर भ्रमण पर निकले महापौर, सफाई की कमान खुद संभाली

निराला समाज जयपुर। गुलाबी नगरी के इतिहास में विशेष स्वच्छता मिशन के तहत महापौर सुनील कोठारी का शहर भ्रमण चर्चा का विषय बना। नगर निगम जयपुर के इतिहास में अब तक कई महापौर आए और गए, लेकिन पहली बार महापौर स्वयं लवाजमे के साथ शहर के विभिन्न बाजारों और रास्तों में पहुंचे और सफाई व्यवस्था की कमान अपने हाथ में रखते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत बड़ी चौपड़ से हुई। महापौर सुनील कोठारी ने सफाई योद्धाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाकर अभियान के लिए रवाना किया। इसके बाद वे स्वयं शहर भ्रमण पर निकले और विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर उगे छोटे-छोटे जंगली पौधों को महापौर ने स्वयं हटाया तथा सफाई व्यवस्था में सामने आई कमियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर का यह भ्रमण जौहरी बाजार के बरामदों से होते हुए हल्दियों का रास्ता, घी वालों का रास्ता, परतानियों का रास्ता, बारह गणगौर का रास्ता तथा पितलियों के चौक से रामललाजी के रास्ते की नुक्कड़ तक पहुंचा। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को बारीकी से देखा और मौके पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नालियों की सफाई को लेकर व्यापारियों को निर्देश

महापौर ने व्यापारियों से कहा कि प्रतिष्ठानों के बाहर लगी ऐसी पट्टियां हटवाई जाएं, जिनके कारण गंदी नालियों की सफाई में व्यवधान उत्पन्न होता है। उन्होंने ऐसी लोहे की जालियां लगवाने के निर्देश दिए, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर हटाकर नालियों की आसानी से सफाई की जा सके।

इसके अलावा महापौर ने अधिकारियों को रास्तों में झूलते तारों को हटवाने तथा चौराहों पर लगे बिजली के बॉक्स को कवर करवाने के निर्देश दिए।

शहरवासियों और व्यापारियों से सहयोग की अपील

महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि नगर निगम जयपुर स्वच्छता के प्रति दृढ़ संकल्पित है, लेकिन इस अभियान को सार्थक बनाने के लिए शहरवासियों और व्यापारियों का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।

गृह वार्ड 112 से शुरू हुआ अभियान

विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत महापौर के गृह वार्ड संख्या 112 से भी की गई। वार्ड में ग्यारह रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए बीस हूपर, करीब दो सौ स्वच्छता योद्धा, तीन जेसीबी और आठ ट्रैक्टर लगाए गए।

किशनपोल जोन की उपायुक्त निहारिका शर्मा ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सामने आई समस्याओं को नोटिस में ले लिया गया है तथा जोन कार्यालय स्तर पर उनका शीघ्र समाधान किया जाएगा।

लोगों ने की सराहना, स्थायित्व पर भी नजर

महापौर के शहर भ्रमण और विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर कई लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि शहरी सरकार के मुखिया को इस तरह आम लोगों के बीच पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए देखना अलग अनुभव रहा।

वहीं, कुछ लोगों ने अभियान की निरंतरता को लेकर सवाल भी उठाए। उनका कहना था कि ऐसे अभियानों का वास्तविक प्रभाव तभी सामने आएगा, जब सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार दिखाई दे और अभियान नियमित रूप से जारी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj