पंजाबी सिनेमा का रॉकस्टार, कभी मॉल में करता था सफाई, पत्नी संग बांटता था अखबार

Last Updated:June 18, 2026, 22:56 IST
हम जिस स्टार की बात कर रहे हैं, वे पंजाबी सिनेमा के बड़े स्टार हैं. वे गायकी के साथ एक्टिंग में भी माहिर हैं. उन्होंने अपनी अगली फिल्म की रिलीज से पहले स्ट्रगल के दिनों को याद किया. शुरुआती दो एलबम फ्लॉप होने के बाद वे कर्ज में डूब गए थे और पत्नी रवनीत कौर के साथ कनाडा चले गए थे. वहां उनका तीसरा एलबम का गाना ‘फुलकारी’ हिट तो हुआ, मगर परिवार चलाने के लिए उन्हें सिक्योरिटी गार्ड, मॉल की सफाई और टॉयलेट साफ करने जैसी नौकरियां भी करनी पड़ीं. वे और उनकी पत्नी सुबह-सुबह अखबार भी बांटते थे. आज कड़ी मेहनत के दम पर एक्टर ने करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति बना ली है.
नई दिल्ली: अगर आप पंजाबी गाने के शौकीन हैं, तो आपने ‘अंग्रेजी बीट’ गाना जरूर सुना होगा. इसे पंजाबी रॉकस्टार ने खास तौर पर आवाज दी है. इस ब्लॉकबस्टर गाने में वे अहम गायक हैं. भले ही इस गाने को हनी सिंह ने कंपोज, प्रोड्यूस और रैप किया था, लेकिन गिप्पी की दमदार आवाज ने ही इसे हर पार्टी की जान बना दिया. आज गिप्पी सिर्फ एक सिंगर नहीं, बल्कि पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सबसे बड़े और चमकते सितारों में से एक बन चुके हैं.
आज सफलता के आसमान पर बैठे एक्टर-सिंगर गिप्पी ग्रेवाल अपनी नई कॉमेडी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ की रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं. फिल्म को स्मीप कांग ने डायरेक्ट किया है और फिल्म में गिप्पी के साथ सरगुन मेहता और बिन्नू ढिल्लों भी अहम भूमिकाओं में धमाल मचाते नजर आएंगे. फिल्म इसी महीने 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
गिप्पी ने ‘भारती टीवी’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अपने शुरुआती दिनों के संघर्षों के बारे में खुलकर बात की, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया. उन्होंने बताया कि अपने पहले म्यूजिक एलबम बनाने के लिए उन्हें लोगों से पैसे उधार तक लेने पड़े थे. मगर उनका पहला एलबम फ्लॉप हो गया. दूसरा एलबम भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया.
Add as Preferred Source on Google
लगातार दो एलबम फ्लॉप होने के बाद गिप्पी ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पत्नी रवनीत कौर के साथ कनाडा शिफ्ट होने का बड़ा फैसला किया. कनाडा जाकर उन्होंने एक बार फिर से किस्मत आजमाई और अपना तीसरा म्यूजिक एलबम रिलीज किया. उनका यह फैसला उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, क्योंकि इस एलबम का एक गाना ‘फुलकारी’ आते ही चारों तरफ जबरदस्त तरीके से छा गया.
‘फुलकारी’ गाना सुपरहिट तो जरूर हुआ, लेकिन इससे उनके घर के माली हालात तुरंत नहीं सुधरे. गिप्पी ने माना कि भले ही इस गाने ने उनकी किस्मत के बंद दरवाजे खोल दिए और म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्हें पहचान दिलाई, पर सिर्फ एक गाने के हिट होने से घर का खर्च नहीं चलता था. गाना कनाडा और भारत दोनों जगह खूब बज रहा था, लेकिन परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए उन्हें वहां छोटी-मोटी नौकरियां करनी ही पड़ीं.
गिप्पी ने उन दिनों को याद करते हुए बताया, ‘उस दौर में मैं कनाडा में एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी किया करता था. भले ही मेरा गाना लोगों की जुबान पर चढ़ चुका था, लेकिन परिवार चलाने के लिए पैसे कमाना सबसे ज्यादा जरूरी था. मुझे अच्छी तरह पता था कि जब तक एक सिंगर के तौर पर मेरी कमाई इतनी न हो जाए कि घर चल सके, तब तक बिल भरने के लिए मुझे मेहनत करनी ही पड़ेगी.’
सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर गिप्पी की ड्यूटी कोई आसान नहीं थी. उन्हें एक बंद पड़ी फैक्ट्री की रातभर अकेले सुरक्षा करनी होती थी. सुबह करीब 4 बजे अपनी सिक्योरिटी की शिफ्ट खत्म करने के तुरंत बाद भी गिप्पी आराम नहीं करते थे. वे सीधे घर आते, अपनी पत्नी रवनीत को साथ लेते और दोनों मिलकर अल सुबह कड़कड़ाती ठंड में लोगों के घरों में अखबार बांटने निकल जाते थे.
गिप्पी ने मॉल में सफाई और टॉयलेट साफ करने का काम भी किया. उन्होंने बताया, ‘दूसरी नौकरियों में मुझे सिर्फ 8 डॉलर मिलते थे, लेकिन मॉल की सफाई वाले काम में करीब 13 डॉलर मिल जाते थे, इसलिए मैंने वो काम भी किया. अखबार बांटने के काम को हम बोझ नहीं समझते थे. मेरी पत्नी और मैं सोचते थे कि यही हमारा साथ में वक्त बिताने का बहाना है. हम दोनों बातें करते-करते दो घंटे में सारा काम खत्म कर लेते थे.’
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



