‘द साबरमती रिपोर्ट’ के लिए मिलीं धमकियां, विक्रांत मैसी का खुलासा, बोले- लीक कर दिए गए थे व्हाट्सएप-गाड़ी के नंबर

Last Updated:August 15, 2026, 06:26 IST
बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी ने फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की रिलीज के बाद मिले कड़वे अनुभवों का खुलासा किया है. साल 2002 के गोधरा ट्रेन हादसे पर आधारित इस फिल्म में काम करने के बाद उन्हें भारी ट्रोलिंग, नफरत और खुलेआम धमकियों का सामना करना पड़ा. विक्रांत ने बताया कि उस वक्त उनका व्हाट्सएप नंबर और गाड़ी नंबर लीक कर दिया गया था. एक्टर के मुताबिक, यह दौर उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि उसी समय उनके बेटे का जन्म हुआ था और इन धमकियों ने उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशान किया था.
ख़बरें फटाफट
विक्रांत मैसी ने बताया कि उनकी मेंटल हेल्थ पर काफी असर पड़ा था.
नई दिल्ली. विक्रांत मैसी आज की पीढ़ी के सबसे बेहतरीन सितारों में गिने जाते हैं. उन्होंने कई फिल्मों में अपने हुनर का जलवा बिखेरा है. ’12वीं फेल’ की सफलता ने उन्हें स्टार बना दिया और अपनी शानदार एक्टिंग के दम पर उन्होंने न सिर्फ खूब वाहवाही बटोरी, बल्कि हर तरफ अपनी अलग पहचान भी बनाई. अब विक्रांस मैसी ने खुलासा किया कि फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ के रिलीज होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर नफरत, ट्रोलिंग और यहां तक कि धमकियों का भी सामना करना पड़ा.
शेखर सुमन के यूट्यूब शो ‘शेखर टुनाइट’ में बातचीत के दौरान विक्रांत मैसी ने सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और अपने दिमागी व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़े इसके असर को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, ‘मैं आपकी इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर जहर बहुत बढ़ गया है. इसका सीधा असर मेरी मेंटल हेल्थ और इमोशनल हेल्थ पर पड़ा.’
व्हाट्सएप और गाड़ी के नंबर कर दिए थे लीक
2002 के गोधरा कांड पर आधारित फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ का जिक्र करते हुए विक्रांत ने बताया, ‘मैंने ‘द साबरमती रिपोर्ट’ नाम की फिल्म की और मुझे उस पर बहुत गर्व है. जब यह फिल्म आई, तो लोगों ने इसे प्रोपेगैंडा का टैग दे दिया. हमने साबरमती एक्सप्रेस में आग लगाए जाने की उस दर्दनाक घटना पर फिल्म बनाई थी, लेकिन इसके बदले मुझे ढेरों गालियां सुननी पड़ीं. मेरा व्हाट्सएप नंबर और मेरी गाड़ी का नंबर तक लीक कर दिया गया. लोगों ने मुझे सरेआम धमकियां दीं.
विक्रांत मैसी को लोगों ने खुलेआम दी थीं धमकियां
विक्रांत ने यह भी बताया कि ये धमकियां उनके जीवन के बहुत ही संवेदनशील पड़ाव पर मिली थीं, जब उनके घर बेटा का जन्म हुआ था. उन्होंने कहा, ‘तब मेरा बेटा महज 6 महीने का था. इस सबने मुझे भीतर तक हिलाकर रख दिया था और मैंने उस वक्त मीडिया में भी यह बात खुलकर कही थी.’ हालांकि, वक्त के साथ विक्रांत ने इस नफरत से खुद को अलग करना और आगे बढ़ना सीख लिया. उन्होंने आगे कहा, ‘समय के साथ मुझे अहसास हुआ कि ये सब केवल पीछे से हमला करने वाले कायर लोग हैं. अब मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन मेरे बारे में क्या बोल रहा है. मेरे लिए सिर्फ मेरे अपने लोग मायने रखते हैं, जिनकी जिम्मेदारी मुझ पर है और मैं सिर्फ उन्हीं के प्रति जवाबदेह हूं.’
करियर के टॉप पर क्यों लिया ब्रेक?
विक्रांत ने अपने उस फैसले की वजह भी बताई, जब उन्होंने अचानक एक्टिंग से ब्रेक लेने का ऐलान किया था. उस वक्त उनके इस कदम को लेकर लोगों ने तरह-तरह के कयास लगाए थे. विक्रांत ने कहा, ‘2023 और 2024 मेरे करियर के लिए कमाल के साल रहे-12th फेल, सेक्टर 36 और द साबरमती रिपोर्ट जैसी फिल्मों ने मुझे बहुत प्यार दिलाया. लेकिन ठीक उसी दौरान मैं काम के सिलसिले में घर से लगातार दूर रहा और उधर मेरे बेटे का जन्म हुआ. एक तरफ मैं शोहरत की ऊंचाइयों को छू रहा था, तो दूसरी तरफ अंदर ही अंदर एक खालीपन महसूस हो रहा था. मुझे अपनी फैमिली और अपने बेटे की कमी बहुत बुरी तरह खल रही थी.’ विक्रांत मैसी का कहना है कि उन्होंने अपनी फैमिली के साथ वक्त बिताने के लिए ब्रेक लिया था.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 15, 2026, 06:24 IST



