TRAI ने बदला Spam Call का नियम, पहली गलती पर 15 दिन बंद होगी आउटगोइंग सर्विस, दोबारा पर 1 साल का बैन

स्पैम कॉल और परेशान करने वाले कमर्शियल कॉल्स पर लगाम लगाने के लिए TRAI ने नए नियम जारी किए हैं. अब अगर किसी टेलीकॉम कंपनी का AI या Machine Learning बेस्ड सिस्टम किसी नंबर से आने वाली कॉल को ‘Suspected Spam’ के तौर पर फ्लैग करता है, तो कार्रवाई के लिए ग्राहक की शिकायत का इंतजार नहीं करना होगा. TRAI ने Telecom Commercial Communications Customer Preference (Third Amendment) Regulations, 2026 जारी किए हैं.
AI से स्पैम कॉल पकड़ी गई तो क्या होगा? नए नियमों के तहत जिस टेलीकॉम कंपनी को कोई कॉल संदिग्ध स्पैम के तौर पर मिलेगी, उसे दो घंटे के अंदर उस कॉल की जानकारी उस ऑपरेटर के साथ शेयर करनी होगी, जिसके नेटवर्क से कॉल शुरू हुई थी.
इसके बाद Originating Access Provider यानी OAP को एक बिजनेस डे के अंदर उस नंबर से जुड़े Sender का KYC आइडेंटिफायर पता करना होगा. इसके बाद दूसरे टेलीकॉम ऑपरेटर्स भी अपने सिस्टम में जांच करेंगे कि पिछले 10 दिनों में उसी संदिग्ध Sender से जुड़े दूसरे कनेक्शन तो नहीं मिले हैं.
अगर पिछले 10 दिनों में Sender के पांच या उससे ज्यादा CLI यानी Calling Line Identification नंबर संदिग्ध पाए जाते हैं, तो संबंधित टेलीकॉम कंपनियों को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी.
पहली गलती पर 15 दिन तक आउटगोइंग बंद
अगर AI सिस्टम के जरिए पहली बार उल्लंघन पकड़ा जाता है, तो Sender के सभी टेलीकॉम रिसोर्स की आउटगोइंग सर्विस 15 दिनों के लिए बंद की जा सकती है. इसमें वे कनेक्शन भी शामिल होंगे, जिनका इस्तेमाल उस स्पैम कम्युनिकेशन के लिए नहीं हुआ था.
अगर दोबारा उल्लंघन होता है, तो Sender के सभी टेलीकॉम रिसोर्स, जैसे SIM, PRI और SIP ट्रंक आदि को एक साल तक डिस्कनेक्ट किया जा सकता है. इस अवधि में Sender को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा और नया टेलीकॉम रिसोर्स नहीं दिया जाएगा. गंभीर मामलों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के पास शिकायत भी की जा सकती है.
Truecaller जैसे ऐप्स पर भी नया नियम
TRAI के नए नियमों के मुताबिक, कॉल मैनेजमेंट ऐप्स या ऐसी सर्विसेज को अथॉरिटी के तय नंबर सीरीज, जैसे 160 से शुरू होने वाले नंबरों से आने वाली कॉल को खुद से टैग, ब्लॉक या फिल्टर करने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, यूजर्स अपने डिवाइस पर अपनी जरूरत के मुताबिक किसी भी कॉल को खुद ब्लॉक या फिल्टर कर सकेंगे.
प्रमोशनल कॉल बंद करने के लिए नया तरीका
जो ग्राहक सभी कैटेगरी की टेलीमार्केटिंग कॉल्स को ब्लॉक करना चाहते हैं, उन्हें 1909 पर BLOCK PROMO लिखकर SMS करना होगा. इससे प्रमोशनल कमर्शियल कम्युनिकेशन ब्लॉक होंगे, लेकिन ट्रांजैक्शन, सर्विस और सरकारी कम्युनिकेशन प्रभावित नहीं होंगे.
TRAI के मुताबिक, पहले से FULLY BLOCK कैटेगरी में दर्ज प्रेफरेंस को नोटिफिकेशन के 15 दिनों के अंदर BLOCK PROMO कैटेगरी में माइग्रेट किया जाएगा. नए नियमों को स्टेज में लागू किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया नोटिफिकेशन के बाद 30 से 90 दिनों के बीच पूरी की जाएगी.



