गांव में बना मिनी इंटरनेशनल स्कूल! रेवतड़ा का हाईटेक सरकारी स्कूल सबको कर रहा है हैरान

Last Updated:December 30, 2025, 14:09 IST
Jalor Revatda Hightech School : जालोर जिले के रेवतड़ा गांव में बना अत्याधुनिक सरकारी विद्यालय ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर बदलता नजर आ रहा है. भव्य भवन, हाईटेक क्लासरूम, स्मार्ट बोर्ड और विदेशी फर्नीचर से सजा यह स्कूल सरकारी शिक्षा को नई पहचान दे रहा है. यह विद्यालय साबित करता है कि संसाधन और सोच हो तो गांवों में भी विश्वस्तरीय शिक्षा संभव है.
जालोर जिले के रेवतड़ा गांव में बना यह अत्याधुनिक सरकारी विद्यालय दूर से ही अपनी भव्यता और आधुनिक संरचना से ध्यान खींचता है. करीब 88 हजार स्क्वायर फीट में फैला यह विशाल परिसर ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के बदलते स्वरूप को दर्शाता है. साफ-सुथरी इमारत, सुव्यवस्थित लेआउट और खुला वातावरण इसे पारंपरिक सरकारी स्कूलों से बिल्कुल अलग पहचान देता है.

विद्यालय परिसर में प्राइमरी और सीनियर सेक्शन के लिए अलग-अलग भवन बनाए गए हैं. प्राइमरी सेक्शन के लिए 10 कक्षाएं और सेकेंडरी सेक्शन के लिए 35 कक्षाएं तैयार की गई हैं. हर कक्षा में पर्याप्त रोशनी, हवादार व्यवस्था और बच्चों के अनुकूल डिजाइन देखने को मिलता है, जिससे पढ़ाई का माहौल सहज और प्रेरणादायक बनता है.

स्कूल की कक्षाएं आधुनिक तकनीक से लैस हैं. यहां स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पढ़ाई के साथ सुरक्षा पर भी पूरा ध्यान दिया गया है. बच्चों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा देने के लिए स्मार्ट बोर्ड और तकनीकी संसाधनों की विशेष व्यवस्था की गई है.
Add as Preferred Source on Google

विद्यालय की एक बड़ी खासियत यहां लगाया गया फर्नीचर है, जिसे विदेश से मंगवाया गया है. बच्चों की सुविधा और सही बैठने की मुद्रा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए गए डेस्क और चेयर पढ़ाई को आरामदायक बनाते हैं. इसके साथ ही खेल गतिविधियों के लिए विशाल प्लेग्राउंड भी विकसित किया गया है, जहां बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हो सकें.

इस विद्यालय का निर्माण श्रीमती पाबूदेवी ओटमल गोराजी चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से भामाशाह प्रवीण जैन द्वारा कराया गया है. उनके पिता का सपना था कि उनकी जन्मभूमि रेवतड़ा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े. उसी प्रेरणा से बना यह हाईटेक सरकारी विद्यालय आज जालोर जिले के लिए एक मॉडल बनकर उभरा है, जो यह संदेश देता है कि सही सोच और सहयोग से सरकारी स्कूल भी विश्वस्तरीय बन सकते हैं.
First Published :
December 30, 2025, 13:58 IST
homerajasthan
गांव में शिक्षा का चमत्कार, रेवतड़ा का हाईटेक सरकारी स्कूल बना मिसाल



