अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड… 69वां छक्का जड़कर रचा इतिहास, 4 साल पुराना विश्व कीर्तिमान स्वाहा

होमखेलक्रिकेट
अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड… 4 साल पुराना विश्व कीर्तिमान टूटा
Last Updated:October 14, 2026, 22:33 IST
Abhishek Sharma world records: अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है. हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में अपना 69वां छक्का जड़कर उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस मामले में उन्होंने भारतीय पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2022 में 68 छक्के जड़े थे. साल 2026 अभिषेक के लिए बेहद शानदार रहा है.अभिषेक शर्मा ने बनाया विश्व कीर्तिमान.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है. उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में किसी भी फुल-मेंबर देश के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए चौथे टी20 मुकाबले के दौरान अभिषेक ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की. इस पारी के साथ ही उन्होंने अपने ही देश के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की शुरुआत थोड़ी संभलकर हुई. उनके साथी खिलाड़ी संजू सैमसन इतनी शानदार फॉर्म में थे कि उन्होंने अधिकांश स्ट्राइक अपने पास रखी. पावरप्ले के बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए अभिषेक को खुलकर खेलने से रोका और उनका स्ट्राइक रेट सौ के नीचे सीमित कर दिया. अभिषेक को अपनी पारी का पहला छक्का लगाने के लिए 15 गेंदों का सामना करना पड़ा और यह नौवें ओवर में आया. उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाज शमर स्प्रिंगर के खिलाफ क्रीज से आगे बढ़कर गेंद को सीधे दर्शकों के बीच छक्के के लिए भेजा. इस एक छक्के के साथ ही साल 2026 में उनके छक्कों की संख्या 69 पर पहुंच गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने साल 2022 में 31 मैचों में कुल 68 छक्के जड़े थे. अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को 33 मैचों में ही पार कर लिया है.
शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद धमाकेदार वापसीअभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 उतार-चढ़ाव से भरा जरूर रहा है, लेकिन कुल मिलाकर यह उनके करियर का अब तक का सबसे शानदार साल साबित हुआ है. उन्होंने साल की शुरुआत नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में की थी, जहां उन्होंने 35 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली और इस दौरान आठ छक्के जड़े. इसके बाद उन्होंने गुवाहाटी में महज 20 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की तूफानी पारी खेली. हालांकि, इसके बाद उनके करियर में एक दौर ऐसा भी आया जब उनकी फॉर्म थोड़ी लड़खड़ाई और उन्हें शुरुआती आठ पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना पड़ा. इस खराब दौर ने उनकी लय को जरूर बाधित किया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.
अफगानिस्तान के खिलाफ खौफनाक शतकीय पारीखराब फॉर्म से उबरते हुए उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 52 रनों की पारियां खेलीं, जिसमें उन्होंने क्रमशः चार और तीन छक्के लगाए. इंग्लैंड दौरे पर उनके प्रदर्शन में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन सितंबर का महीना उनके लिए रिकॉर्ड तोड़ने वाला साबित हुआ. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में उन्होंने अपनी विध्वंसकारी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. उन्होंने 32 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेलते हुए सात छक्के लगाए, और इसके बाद अगली पारी में 19 गेंदों पर 39 रन बनाकर चार छक्के जड़े. उन्होंने इस सीरीज के दौरान एक और खौफनाक पारी खेली और महज 34 गेंदों पर 108 रन ठोक डाले, जिसमें उन्होंने 11 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया.
छक्कों की बारिश और नया कीर्तिमानअभिषेक का यह छक्कों का कारवां यहीं नहीं रुका. उन्होंने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ मैचों में कुल सात छक्के जड़े, जिसके बाद इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में पांच बार गेंद को स्टैंड्स में पहुंचाया. हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भी उन्होंने नाबाद 23 रनों की अपनी छोटी सी पारी में एक छक्का जोड़कर अपने इस ऐतिहासिक आंकड़े को पूरा किया.
कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज इस सूची में शीर्ष पर अभिषेक शर्मा का नाम दर्ज हो गया है, जिन्होंने 2026 में 33 मैचों में 69 छक्के लगाए हैं. दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने 2022 में 31 मैचों में 68 छक्के मारे थे. इसके अलावा इस लिस्ट में अभिषेक का नाम एक और बार शामिल है, जब उन्होंने 2025 में 21 मैचों में 54 छक्के जड़े थे. साल 2026 में ही भारत के ईशान किशन 33 मैचों में 52 छक्कों के साथ चौथे पायदान पर हैं. इस रिकॉर्ड सूची में सूर्यकुमार यादव का 2023 का प्रदर्शन भी शामिल है जिसमें उन्होंने 18 मैचों में 43 छक्के लगाए थे. पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 29 मैचों में 42 छक्के जड़े थे. न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज मार्टिन गुप्तिल ने 2021 में 18 मैचों में 41 छक्के लगाए थे. बांग्लादेश के तंजीद हसन ने 2025 में 27 मैचों में 41 छक्के जड़े. वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल ने 2022 में 22 मैचों में 39 छक्के मारे थे, जबकि उनके ही साथी निकोलस पूरन ने 2024 में 21 मैचों में 39 छक्के जड़कर इस सूची में अपनी जगह बनाई थी.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 14, 2026, 22:33 IST



