कोई बेहोश हो जाए तो चेहरे पर पानी न छिड़कने की गलती न करें, 4 स्टेप्स में समझें तुरंत क्या करने उनकी जान बचाई जा सकती है

Emergency First Aid: घर में अचानक किसी की तबीयत बिगड़ जाए और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े तो परिवार के लोग अक्सर घबरा जाते हैं. कोई चेहरे पर पानी छिड़कने लगता है, तो कोई उसे तुरंत पानी पिलाने की कोशिश करता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बेहोश व्यक्ति को पानी पिलाना खतरनाक हो सकता है? ऐसी स्थिति में की गई एक छोटी सी गलती उसकी परेशानी बढ़ा सकती है.
वायरल हो रहे एक वीडियो में डॉक्टर ने समझाया है कि जब कोई व्यक्ति बेहोश हो जाए तो उसकी मदद कैसे करनी चाहिए. साथ ही, उन्होंने एक खास फर्स्ट एड पोजिशन के बारे में बताया है, जो इमरजेंसी में काफी काम आ सकती है.
बेहोश व्यक्ति को पानी पिलाने की गलती न करें
अक्सर घर में किसी बुजुर्ग या परिवार के सदस्य के बेहोश होने पर लोग उसके चेहरे पर पानी छिड़कते हैं या मुंह में पानी डालने लगते हैं. ऐसा करने से बचना चाहिए. बेहोशी की हालत में व्यक्ति ठीक से निगल नहीं पाता. ऐसे में पानी उसके सांस लेने की नली में जा सकता है और परेशानी बढ़ सकती है.
इसलिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि व्यक्ति होश में है या नहीं और उसकी सांस सामान्य चल रही है या नहीं. अगर वह आवाज देने और कंधे को हल्के से थपथपाने पर भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है, तो इसे गंभीरता से लें.
बेहोश व्यक्ति की मदद के लिए अपनाएं ये तरीके
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के फर्स्ट एड मैनुअल के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति बेहोश है लेकिन सामान्य रूप से सांस ले रहा है, तो उसे रिकवरी पोजिशन में रखना चाहिए. इसे आसान भाषा में करवट वाली सुरक्षित पोजिशन कह सकते हैं.
इसके लिए इन बातों का ध्यान रखें.
1. सबसे पहले मदद के लिए बुलाएं
व्यक्ति के पास जाकर देखें कि वह होश में है या नहीं. आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए बुलाएं और एंबुलेंस या इमरजेंसी मेडिकल सहायता के लिए संपर्क करें. व्यक्ति को अकेला न छोड़ें.
2. सांस चल रही है या नहीं, चेक करें
उसकी छाती की हलचल देखें और सांस सामान्य है या नहीं, इस पर ध्यान दें. अगर व्यक्ति सांस नहीं ले रहा है या सिर्फ हांफ रहा है, तो यह कार्डियक अरेस्ट का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मदद बुलाएं और सीपीआर शुरू करें. सीपीआर की ट्रेनिंग ली है तो उसके अनुसार छाती पर दबाव दें.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
3. सांस चल रही हो तो करवट लिटाएं
अगर व्यक्ति बेहोश है लेकिन सामान्य रूप से सांस ले रहा है और कोई ऐसी चोट नहीं है जिसमें उसे हिलाना खतरनाक हो सकता है, तो उसे रिकवरी पोजिशन में रखें. इसके लिए उसके पास घुटनों के बल बैठें. एक हाथ को शरीर से बाहर की तरफ रखें और दूसरे हाथ को छाती के ऊपर से लाकर गाल के पास रखें. फिर दूसरे पैर को घुटने से मोड़कर सहारा बनाते हुए व्यक्ति को धीरे-धीरे अपनी तरफ करवट दिलाएं.
4. सिर और सांस पर नजर रखें
करवट दिलाने के बाद सिर को हल्का पीछे की तरफ झुकाकर ठुड्डी ऊपर रखें, ताकि सांस का रास्ता खुला रहे. मुंह से उल्टी या दूसरे तरल पदार्थ बाहर निकलने में भी मदद मिल सकती है. मेडिकल सहायता आने तक व्यक्ति की सांस पर नजर रखें.
किन बातों का रखें ध्यान?
बेहोशी को मामूली कमजोरी समझकर नजरअंदाज न करें. इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं. अगर व्यक्ति को होश नहीं आ रहा, सांस लेने में परेशानी है या उसकी हालत बिगड़ रही है तो तुरंत मेडिकल सहायता लें. अगर गिरने से सिर, गर्दन या रीढ़ में चोट लगने का शक है, तो बिना जरूरत उसे न हिलाएं. हालांकि, सांस सामान्य नहीं होने पर सीपीआर और इमरजेंसी सहायता को प्राथमिकता देना जरूरी है.



