‘कोई महिमामंडन नहीं’, उज्ज्वल निकम ने ‘प्रहार’ के लिए रखी थीं खास शर्तें, राजकुमार राव की तारीफ में पढ़े कसीदे

Last Updated:October 11, 2026, 18:50 IST
राजकुमार राव अपनी नई फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ लेकर आ रहे हैं. इसकी रिलीज को अब कुछ ही दिन बचे हैं. सिनेमाघरों में मूवी के दस्तक देने से पहले फिल्म को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. देश के मशहूर वकील उज्ज्वल निकम ने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी जिंदगी और कसाब केस की कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए मेकर्स के सामने कई शर्तें रखी थीं. उन्होंने फिल्म में किसी का भी महिमामंडन किए बिना पूरी सच्चाई दिखाने और सभी किरदारों के असली नाम इस्तेमाल किए जाने की बात कही थी.
ख़बरें फटाफट
राजकुमार राव की ‘प्रहार’ 16 अक्टूबर को रिलीज होगी. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव की अगली फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ को लेकर जबरदस्त क्रेज है. यह फिल्म देश के जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी और उनके सबसे चर्चित केस पर आधारित है. उज्ज्वल निकम वही वकील हैं, जिन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के खूंखार आतंकी अजमल कसाब को सजा दिलाने के लिए सरकारी पक्ष का नेतृत्व किया था. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उज्ज्वल निकम ने खुलासा किया कि अपनी इस कानूनी लड़ाई और जिंदगी पर फिल्म बनाने की इजाजत देने से पहले उन्होंने मेकर्स के सामने खास शर्तें रखी थीं.
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में उज्ज्वल निकम ने बताया, ‘मेरी पहली और सबसे बड़ी शर्त यही थी कि फिल्म में मेरे समेत किसी भी किरदार का बेवजह महिमामंडन न किया जाए. मैंने मेकर्स से साफ कहा था कि कानूनी कार्यवाही का हिस्सा रहे सभी लोगों के असली नामों का ही इस्तेमाल होना चाहिए. इसके लिए निर्माताओं ने जज मदन लक्ष्मणदास तहलियानी समेत केस से जुड़े सभी संबंधित लोगों से एनओसी भी हासिल की. जस्टिस मदन लक्ष्मणदास तहलियानी वही जज हैं, जिन्होंने 6 मई 2010 को ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए आतंकी अजमल कसाब को मौत की सजा दी थी.
उज्ज्वल निकम ने की राजकुमार राव की तारीफ
राजकुमार राव की तारीफ करते हुए उज्ज्वल निकम ने कहा, ‘मैं राजकुमार राव की दाद देना चाहूंगा, उन्होंने स्क्रीन पर बिल्कुल उज्ज्वल निकम को जी लिया है. जिस जोश और आक्रामकता के साथ वह अदालत में अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं, वह वाकई काबिले-तारीफ है, जबकि असल जिंदगी में राजकुमार बहुत ही शांत और सौम्य स्वभाव के इंसान हैं. जब मैंने फिल्म का ट्रेलर और कुछ सीन देखे, तो मैं हैरान रह गया. यहां तक कि दूसरे वकीलों ने मुझसे पूछा कि क्या राज मेरे साथ समय बिता रहे थे, तो मैंने कहा-बिल्कुल नहीं.’
राजकुमार राव ने वीडियोज देखकर की किरदार के लिए तैयारी
इसी बातचीत के दौरान राजकुमार राव ने खुलासा किया कि शूटिंग शुरू होने से पहले वह उज्ज्वल निकम से नहीं मिल पाए थे क्योंकि वह काफी व्यस्त थे. ऐसे में किरदार में ढलने और उनकी बॉडी लैंग्वेज को समझने के लिए राजकुमार ने कोर्टरूम में उज्ज्वल निकम की बहसों के पुराने वीडियोज देखकर ही अपनी पूरी तैयारी की थी.
16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’
बताते चलें कि मैडॉक फिल्म्स तले बनी ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है. फिल्म में राजकुमार राव सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के लीड किरदार में नजर आएंगे, जो 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान अजमल कसाब के खिलाफ मुकदमा लड़ने में उनकी भूमिका पर आधारित है. फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और आशीष विद्यार्थी भी हैं. यह मूवी 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है.About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 11, 2026, 18:50 IST



