Rajasthan

कोटा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 59 किलो एक्सपायर्ड सामान नष्ट, मेस-किराना स्टोर पर एक्शन

कोटा. शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. कार्रवाई के दौरान कुल 59 किलो 685 ग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया. खाद्य सुरक्षा दल ने मिठाई की दुकानों, होटल, मेस, हॉस्टल और किराना प्रतिष्ठानों की जांच की. विज्ञान नगर स्थित पंजाबी मेस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिली. यहां अमूल चीज के 14 पैकेट, यिप्पी नूडल्स के 8 पैकेट, अमूल जिंजर पाउडर के 20 पैकेट, गुड लाइफ ड्राई फ्रूट, धनिया पाउडर, छिला हुआ लहसुन, मिक्स मसाला, पानी पुरी और अनारदाना समेत कुल 31 किलो 202 ग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिली.

टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करवाया. मेस में कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, वाटर रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिले. इस पर मेस संचालक को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस दिया जाएगा. टीम ने यहां से टेबल बटर और विभिन्न मसालों के छह नमूने भी लिए. मेस संचालक से खाद्य सामग्री के सप्लायर के बारे में जानकारी लेने के बाद टीम ने विज्ञान नगर स्थित सुशील किराना स्टोर का निरीक्षण किया. यहां भी बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री मिली.

रेलवे स्टेशन के आसपास कई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए

सुशील किराना स्टोर में पारले-जी, हाइड एंड सीक और क्रैक जैक बिस्किट, डाबर व पतंजलि च्यवनप्राश, किसान मिक्स्ड फ्रूट जैम, नूटेला सोया चंक्स, मैगी, धनिया और हल्दी पाउडर, मूंगफली पाउडर, अचार मसाला, किचन किंग मसाला, कस्टर्ड पाउडर, कॉर्न स्टार्च और ऑर्गेनिक हनी सहित कुल 28 किलो 483 ग्राम सामग्री शामिल थी. इसे भी मौके पर नष्ट करवाया गया. दुकान संचालक को साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए. यहां पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिला. टीम ने विभिन्न मसालों, ड्राई फ्रूट्स, मैदा और बेसन के 11 नमूने लिए. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा दल ने दयानिधि रेजिडेंसी का निरीक्षण कर तेल, ग्रेवी, मसाले, आटा और काला नमक समेत आठ नमूने लिए. पिछले दो दिनों में रेलवे स्टेशन के आसपास भी कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए.

खाद्य नमूनों को जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला

मीरा होटल से दही, श्रीराम नमकीन एंड स्वीट्स से पनीर और जलेबी, जनता डेयरी से दूध और एसएमबी कैटर्स से पांच मिठाइयों के नमूने लिए गए. सिटी मॉल क्षेत्र में केएफसी से यूज्ड रिफाइंड ऑयल और मैदा समेत तीन, चाइनीज वॉक से यूज्ड ऑयल और वेज मंचूरियन के दो तथा बर्गर फार्म से यूज्ड ऑयल के दो नमूने लिए गए. सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला कोटा भेज दिया गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj