चेहरे की नहीं, सोने से पहले रात में शरीर की भी करें देखभाल, सिर्फ 3 स्टेप्स से करें शुरुआत

Body Care Routine: दिनभर चेहरे पर सीरम, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन लगाने के बाद जब रात होती है तो बॉडी केयर अक्सर हमारी प्राथमिकता से बाहर हो जाता है. नहाकर कपड़े बदले और सीधे बिस्तर पर पहुंच गए, बस रूटीन यहीं खत्म. जबकि दिनभर काम, सफर और लगातार बैठे रहने का असर सिर्फ चेहरे पर नहीं, शरीर पर भी पड़ता है. कभी कंधों में खिंचाव महसूस होता है तो कभी पैर थके हुए लगते हैं. ऐसे में सोने से पहले कुछ आसान बॉडी केयर स्टेप्स दिन के तनाव से बाहर निकलने का एक सुकून भरा तरीका बन सकते हैं.
खास बात यह है कि इसके लिए बाथरूम में ढेर सारे प्रोडक्ट्स जमा करने की जरूरत नहीं है. एक सिंपल और लगातार फॉलो होने वाला रूटीन काफी हो सकता है.
नींद और बॉडी केयर का क्या है कनेक्शन?
ResMed के 2025 Global Sleep Survey में 13 बाजारों के 30,026 लोगों को शामिल किया गया था. सर्वे में लोगों ने औसतन हर हफ्ते करीब तीन रातों की आरामदायक नींद मिस करने की बात कही. भारत में करीब 49 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उन्हें सप्ताह में कम से कम तीन बार सोने में परेशानी होती है. ऐसे में सोने से पहले का रूटीन सिर्फ स्किन को मॉइस्चराइज करने तक सीमित रखने के बजाय शरीर को आराम देने वाला भी बनाया जा सकता है. इसका मतलब यह नहीं कि बॉडी केयर सीधे नींद की समस्या का इलाज है. बल्कि नहाना, मॉइस्चराइजर लगाना और कुछ देर शरीर को रिलैक्स करना रात के लिए एक शांत रूटीन तैयार कर सकता है.
सोने से पहले बॉडी केयर के आसान स्टेप्स
हल्के गर्म पानी से नहाएं
दिनभर की थकान के बाद हल्के गर्म पानी से नहाना बॉडी केयर रूटीन की अच्छी शुरुआत हो सकती है. बहुत गर्म पानी से नहाने के बजाय आरामदायक तापमान का पानी इस्तेमाल करें. नहाने के दौरान जल्दबाजी न करें और इसके बाद शरीर को धीरे से सुखाएं. यह स्टेप खासतौर पर उन लोगों के लिए अच्छा रूटीन बन सकता है जो दिनभर ऑफिस में बैठे रहते हैं या काफी समय सफर में बिताते हैं. नहाने के बाद कुछ मिनट शांत माहौल में बिताना भी सोने की तैयारी का हिस्सा बनाया जा सकता है.
नहाने के बाद मॉइस्चराइजिंग न भूलें
नहाने के बाद त्वचा थोड़ी रूखी महसूस हो सकती है. ऐसे में बॉडी लोशन या अपनी त्वचा के हिसाब से इस्तेमाल किया जाने वाला मॉइस्चराइजर लगाया जा सकता है. इसे हाथ, पैर, कोहनी और घुटनों जैसी रूखी जगहों पर खास तौर पर लगाया जा सकता है. अगर आपको तेल पसंद है तो बादाम या नारियल तेल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. हालांकि बहुत ज्यादा प्रोडक्ट लगाने की जरूरत नहीं है. बॉडी केयर में मात्रा से ज्यादा नियमितता मायने रखती है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
मैग्नीशियम ट्रेंड को समझकर अपनाएं
हाल में रात के बॉडी केयर रूटीन में मैग्नीशियम का भी जिक्र बढ़ा है. Times of India की एक हालिया रिपोर्ट में Bubble Me की फाउंडर और CEO अक्षिना जिंदल ने रात के रूटीन में मैग्नीशियम को शामिल करने की बात कही है. रिपोर्ट में गर्म पानी के मैग्नीशियम बाथ और जरूरत के अनुसार मैग्नीशियम वाले बाम या रोल-ऑन जैसे विकल्पों का उल्लेख किया गया है. हालांकि यहां एक जरूरी फर्क समझना चाहिए. मैग्नीशियम सप्लीमेंट या त्वचा पर लगाए जाने वाले मैग्नीशियम प्रोडक्ट को नींद की समस्या का इलाज नहीं माना जाना चाहिए. खासकर मैग्नीशियम लोशन या स्प्रे से नींद बेहतर होने के वैज्ञानिक प्रमाण अभी सीमित हैं. इसलिए अगर आप मैग्नीशियम सप्लीमेंट लेने के बारे में सोच रहे हैं तो बिना सलाह के इसे शुरू करने के बजाय डॉक्टर या योग्य हेल्थ प्रोफेशनल से बात करना बेहतर है.
बॉडी केयर को आसान रखें
रात का बॉडी केयर रूटीन जितना आसान होगा, उसे रोजाना अपनाना उतना ही संभव रहेगा. हर दिन कई तरह के प्रोडक्ट लगाने की जरूरत नहीं है. हल्का गर्म पानी से नहाना, त्वचा को मॉइस्चराइज करना और सोने से पहले कुछ देर शरीर को आराम देना पर्याप्त शुरुआत हो सकती है. नींद बेहतर करने के लिए सोने और जागने का समय नियमित रखना, रात में स्क्रीन टाइम कम करना और शांत माहौल बनाना भी जरूरी है. अगर लंबे समय से नींद आने में परेशानी हो रही है तो सिर्फ बॉडी केयर पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)



