‘जेलर 2’ ने डंके की चोट पर लूट लिया बॉक्स ऑफिस, तीसरे दिन कमाई में बंपर उछाल, 100 करोड़ क्लब में मारी एंट्री

Last Updated:October 18, 2026, 00:04 IST
सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही तहलका मचा दिया है. नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस तमिल फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन यानी शनिवार को बंपर कमाई करते हुए शानदार उछाल दर्ज किया है. शुरुआती तीन दिनों के भीतर ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है और इसका कुल कलेक्शन 144 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है.
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर रजनीकांत का जलवा एक बार फिर सिर चढ़कर बोल रहा है. उनकी ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. गुरुवार को थिएटर्स में दस्तक देने वाली इस तमिल फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है. तीसरे दिन ‘जेलर 2’ की कमाई में जबरदस्त उछाल आया है और इसने 100 करोड़ क्लब में धमाकेदार एंट्री मार दी है.
शुरुआती तीन दिनों के ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म अपने पहले वीकेंड पर कमाई का एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है. रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों में ऐसा क्रेज देखने को मिला कि इसने बॉक्स ऑफिस पर आते ही धमाकेदार शुरुआत की.
भारत में फिल्म की एडवांस बुकिंग रिलीज से पांच दिन पहले 10 अक्टूबर को शुरू हुई थी, जबकि चुनिंदा विदेशी बाजारों में यह एक दिन पहले ही शुरू हो चुकी थी. 14 अक्टूबर तक फिल्म ने दुनियाभर में एडवांस बुकिंग में 80 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. केवल भारत में ओपनिंग डे के लिए प्री-सेल्स में 18 लाख टिकट बिके, जिससे 37 करोड़ की ग्रोस कमाई हुई.
Add as Preferred Source on Google
रिलीज के दिन फिल्म ने देशभर में 15,887 शोज के जरिए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 59.70 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया, जबकि शुक्रवार को फिल्म ने 37.10 करोड़ बटोरे. अब इसके चौथे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं. सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के तीसरे दिन रात 11 बजे तक ‘जेलर 2’ ने 47.80 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. शुक्रवार के मुकाबले फिल्म की कमाई में 28.8 फीसदी का उछाल आया है.
इसके साथ ही फिल्म ने महज तीन दिनों में भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और अब यह 150 करोड़ के क्लब की तरफ तेजी से बढ़ रही है. फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब 144.60 करोड़ हो गया है. हालांकि, रजनीकांत की पिछली रिलीज ‘कुली’ ने दो दिन के भीतर ही भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था, जिसे ‘जेलर 2’ पीछे तो नहीं छोड़ पाई, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर अपनी एक नई और मजबूत रफ्तार कायम कर ली है.
यह साल 2023 में रिलीज हुई ‘जेलर’ का सीक्वल है, जिसकी कहानी रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती है. वह नौकरी छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ एक शांत और सामान्य जीवन बिता रहा होता है. हालांकि, कहानी में तब मोड़ आता है जब मूर्ति तस्करी सिंडिकेट की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा अचानक गायब हो जाता है. इसके बाद मुथुवेल पांडियन अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार उठाने पर मजबूर हो जाता है.
‘जेलर 2’ की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है, जब मुथुवेल पांडियन का अतीत एक बार फिर उसका पीछा करता है. अपने परिवार की रक्षा करने के लिए उसे एक खतरनाक अंडरवर्ल्ड साम्राज्य का मुकाबला करना पड़ता है. इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर फुल एक्शन मोड में नजर आते हैं.
बता दें कि रजनीकांत के अलावा इस फिल्म में विद्या बालन, एसजे सूर्या, राम्या कृष्णन और सूरज वेंजारामूडु जैसे बेहतरीन सितारे अहम भूमिकाओं में हैं, इसके अलावा, फिल्म में मोहनलाल, शिव राजकुमार और ऋतिक रोशन के दमदार कैमियो भी देखने को मिलते हैं. फिल्म का डायरेक्शन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
October 17, 2026, 23:59 IST



