Rajasthan

धौलपुर में जलभराव से लोग बेहाल, बोले- 3 साल से जाम सीवर, गंदे पानी में गुजर रही जिंदगी

Last Updated:September 07, 2026, 11:23 IST

Dholpur Ground Report: धौलपुर शहर के वार्ड नंबर 2 की माधवानंद कॉलोनी में जलभराव की समस्या लोगों के लिए लंबे समय से परेशानी बनी हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 3 से 4 साल से नालियां और सीवर लाइन जाम हैं, जिसके चलते बारिश के पानी के साथ गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर जमा रहता है. कॉलोनी की मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं और लोगों को दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ता है. बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि जलभराव के कारण संक्रमण और जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है. लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से सीवर व नालियों की सफाई कराने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है.

धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर शहर के वार्ड नंबर 2 की माधवानंद कॉलोनी में जलभराव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में करीब 3 से 4 साल से सीवर लाइन और नाले जाम पड़े हैं. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के साथ-साथ सीवर का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर जमा रहता है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को इसी दूषित पानी से होकर घरों से बाहर निकलना पड़ता है. जब लोकल18 की टीम माधवानंद कॉलोनी पहुंची तो जगह-जगह जलभराव दिखाई दिया. कॉलोनी की मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं.

गंदे पानी के बीच छोटे बच्चे और अन्य लोग गुजरते नजर आए. स्थानीय लोगों ने बताया जलभराव के कारण बच्चों का खेलना भी बंद हो गया है. कई बच्चों को स्कूल जाने के दौरान भी इसी दूषित पानी से होकर निकलना पड़ता है. स्थानीय निवासी अरुण ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. कई बार बुजुर्ग पानी में गिरकर चोटिल हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वोट मांगने कॉलोनी में आते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद समस्या की ओर ध्यान नहीं देते.

सालभर कॉलोनी में बनी रहती है जलभराव की समस्या

सोनू कुमार ने बताया कि कॉलोनी में 12 महीने जलभराव की स्थिति बनी रहती है. बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है. करीब तीन साल से नालियां और सीवर लाइन जाम है. सड़क पर बने गड्ढों के कारण राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है. दूषित पानी से आने वाली बदबू के कारण यहां से निकलना भी मुश्किल हो जाता है. कई बार धौलपुर नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों, और धौलपुर जिला प्रशासन से शिकायत की पर समस्या का समाधान नहीं हुआ.

नालियों और सीवर लाइन को जल्द किया जाए साफ

मुकेश ठाकुर ने बताया कि गंदे पानी के कारण संक्रमण और त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा बना हुआ है. जलभराव वाले स्थानों पर सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव भी दिखाई देते हैं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक बच्ची को सांप ने काट लिया था, जिसे समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाया गया. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बंद पड़ी सीवर लाइन और नालियों की जल्द सफाई कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों और बुजुर्गों को गंदे पानी से होकर न गुजरना पड़े.

About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer

दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…

और पढ़ेंLocation :

Dhaulpur,Dhaulpur,Rajasthan

First Published :

September 07, 2026, 11:23 IST

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj